भोपाल में 'रन फॉर लाइफ' मैराथन में उमड़ा जनसैलाब, 6 हजार लोगों ने लगाई दौड़, नशे से दूर रहने का लिया संकल्प

 




भोपाल, 26 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश पुलिस के प्रदेशव्यापी अभियान 'नशे से दूरी है ज़रूरी 2.0' के तहत रविवार को राजधानी में आयोजित 'Run for Life' मैराथन में जनसैलाब उमड़ पड़ा। टीटी नगर स्टेडियम से शुरू हुई इस जागरूकता मैराथन में करीब 6 हजार प्रतिभागियों ने हिस्सा लेकर नशे के खिलाफ एकजुटता का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, खिलाड़ियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, सामाजिक संगठनों, नगर रक्षा समिति के सदस्यों, पुलिस अधिकारियों और बड़ी संख्या में आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भागीदारी की।

पुलिस कमिश्नरेट भोपाल और सामाजिक न्याय विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं और आमजन को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना तथा स्वस्थ और सकारात्मक जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करना था। मैराथन के दौरान सभी प्रतिभागियों ने Say No to Drugs का संदेश देते हुए नशामुक्त समाज के निर्माण का संकल्प लिया।

तीन श्रेणियों में हुई दौड़

मैराथन का आयोजन 2 किलोमीटर वॉकथॉन, 5 किलोमीटर रन और 10 किलोमीटर मैराथन श्रेणियों में किया गया। तिरंगा और जागरूकता संदेशों वाले बैनर लेकर दौड़ते प्रतिभागियों ने पूरे शहर में नशामुक्ति का संदेश दिया। आयोजन के दौरान युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला।

पुलिस कमिश्नर ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

भोपाल पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने सभी प्रतिभागियों को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ दिलाई। उन्होंने विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया तथा सभी प्रतिभागियों के उत्साह और सहयोग की सराहना की।

'नशा व्यक्ति ही नहीं, पूरे परिवार को बर्बाद करता है'

एडीजी (नारकोटिक्स) डी. श्रीनिवास वर्मा ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य प्रदेश के हर नागरिक तक यह संदेश पहुंचाना है कि नशे से दूर रहकर स्वस्थ और सकारात्मक जीवन जिया जाए। उन्होंने कहा कि नशे की लत केवल व्यक्ति ही नहीं, बल्कि पूरे परिवार के भविष्य को भी प्रभावित करती है, इसलिए समाज के हर वर्ग को इसके खिलाफ जागरूक होना होगा।

'नशे के खिलाफ समाज की भी जिम्मेदारी'

एडिशनल पुलिस कमिश्नर (मुख्यालय एवं अपराध) डॉ. मोनिका शुक्ला ने कहा कि नशे के खिलाफ लड़ाई केवल पुलिस की नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। नई और पुरानी पीढ़ी को मिलकर इस सामाजिक बुराई के खिलाफ अभियान चलाना होगा, तभी नशामुक्त और सुरक्षित समाज का निर्माण संभव होगा।

विजेताओं का हुआ सम्मान

10 किलोमीटर और 5 किलोमीटर दौड़ की विभिन्न आयु वर्ग की प्रतियोगिताओं में विजेताओं को पुलिस कमिश्नर ने मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। 10 किलोमीटर की 45 वर्ष से अधिक पुरुष वर्ग में पुलिस कमिश्नर संजय कुमार प्रथम रहे, जबकि अन्य वर्गों में भी महिला और पुरुष प्रतिभागियों ने शानदार प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के अंत में पुलिस अधिकारियों ने सभी प्रतिभागियों, स्वयंसेवी संस्थाओं, विद्यालयों, सामाजिक संगठनों और नागरिकों का आभार व्यक्त करते हुए नशामुक्त, सुरक्षित और स्वस्थ भोपाल के निर्माण में निरंतर सहयोग की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे