भोपाल: डूडा के खाते से 2.26 करोड़ रुपये की ठगी, क्राइम ब्रांच ने दर्ज किया मामला
भोपाल, 25 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में सरकारी खाते से 2.26 करोड़ रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। जालसाजों ने कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह और डिप्टी कलेक्टर निधि चौकसे के फर्जी हस्ताक्षर कर जिला शहरी विकास अभिकरण (डूडा) के खाते से रकम निकाल ली। क्राइम ब्रांच ने जांच के बाद बुधवार को पांच फर्म संचालकों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
क्राइम ब्रांच के अनुसार, डिप्टी कलेक्टर निधि चौकसे ने गत 17 मार्च को शिकायत दर्ज कराई थी। उनके अनुसार, बैंक ऑफ इंडिया सैफिया कॉलेज शाखा स्थित डूडा खाते से 9 मार्च 2026 को पांच चेक के जरिए 2 करोड़ 26 लाख 71 हजार रुपये निकाले गए। जांच में सामने आया कि चेक पर कलेक्टर और डिप्टी कलेक्टर के हस्ताक्षर पूरी तरह फर्जी थे। इतना ही नहीं, आरोपियों ने 5 मार्च को कलेक्टर के लेटरहेड पर फर्जी आवेदन देकर खाते से मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी भी लिंक करवा ली थी। इस पर भी कूटरचित हस्ताक्षर और सील का इस्तेमाल किया गया।
शिकायत में डिप्टी कलेक्टर ने कहा कि डूडा कार्यालय के नाम से शाखा बैंक ऑफ इंडिया सैफिया कॉलेज भोपाल में खाता क्रमांक 9008102100...... संचालित है। 17 मार्च 2026 को लीड बैंक मैनेजर भोपाल द्वारा समक्ष में अवगत कराया गया कि आपके खाते से अधिक राशि की निकासी की जा रही है। उनके द्वारा अवगत कराए जाने के पश्चात् मेरे द्वारा उन्हें अवगत कराया गया कि इस कार्यालय द्वारा कोई भी चैक जारी नहीं किए गए हैं। इस कारण उनके द्वारा मेरे कार्यालय में ही संबंधित बैंक मैनेजर को बुलाकर जानकारी ली गई। बैंक मैनेजर द्वारा जो दस्तावेज की छायाप्रतियां मुझे सोंपी गई हैं वह पत्र के साथ संलग्न हैं। इन दस्तावेजों पर मेरे एवं कलेक्टर महोदय के हस्ताक्षर पूर्णतः कूटरचित व फर्जी हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर