भोपाल में रंगपंचमी का भव्य चल समारोह, इंदौर की ‘गेर’ की तर्ज पर बरसेगा रंग-गुलाल
भोपाल, 08 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में इस बार रंगपंचमी का पारंपरिक चल समारोह नए रंग और अंदाज में नजर आएगा। श्री हिंदू उत्सव समिति की ओर से रविवार सुबह 11 बजे सुभाष चौक स्थित सराफा मार्केट से भव्य जुलूस निकाला जाएगा।
समिति के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि इस वर्ष चल समारोह को इंदौर की प्रसिद्ध ‘गेर’ की तर्ज पर निकाला जाएगा। जुलूस में डुलडुल घोड़ी, ढोल-ताशे, डीजे और बैंड की आकर्षक प्रस्तुतियां होंगी। बड़ी संख्या में लोग पिचकारियां और गुलाल के साथ इसमें शामिल होंगे, जिससे पूरा मार्ग रंगों से सराबोर नजर आएगा।
झांकियां होंगी खास आकर्षण
इस बार चल समारोह में कई आकर्षक झांकियां भी शामिल की जाएंगी। इनमें एक झांकी भारत की क्रिकेट टीम के आईसीसी वर्ल्ड कप जीत के जश्न को दर्शाएगी, जिसमें युवाओं के हाथों में ट्रॉफी होगी और रंगों के बीच जश्न का दृश्य प्रस्तुत किया जाएगा। इसके अलावा भगवान बाल कृष्ण की पालकी भी निकलेगी, जिसमें श्रद्धालु रंग-गुलाल के साथ होली खेलते हुए चलेंगे। संतों की अगुवाई में निकलने वाली यह पालकी जुलूस का प्रमुख आकर्षण बनेगी।
पांच ट्रालों पर सजेगी धार्मिक-सांस्कृतिक झांकियां
करीब दो किलोमीटर लंबे इस चल समारोह में पांच ट्रालों पर अलग-अलग झांकियां सजाई जाएंगी। इनमें राधा‑कृष्ण की होली के साथ भगवान शिव और माता पार्वती की ‘मसान में होली’ थीम भी शामिल होगी। इन झांकियों के माध्यम से धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का संदेश दिया जाएगा। इंदौर की गेर की तर्ज पर इस बार भवानी चौक पर विशेष मशीनें लगाई जाएंगी, जिनसे रंग और गुलाल की वर्षा की जाएगी। इससे पूरे मार्ग पर रंगोत्सव का अनोखा माहौल बनेगा।
यह रहेगा चल समारोह का मार्ग
चल समारोह सुभाष चौक कोतवाली से शुरू होकर लोहा बाजार, जुनेराती गेट, जनकपुरी, पुराना पोस्ट ऑफिस, सिंधी मार्केट, भवानी चौक, सोमवारिया, लखेरापुरा, पीपल चौक, चिंतामन चौराहा, इलेक्ट्रॉनिक मार्केट, इतवारा, जैन मंदिर रोड, गणेश चौक मंगलवार, कुंदन नमकीन मार्ग, घोड़ा नक्कार, अग्रवाल पूरी भंडार, छोटे भैया चौराहा कारखर होते हुए हनुमान मंदिर गल्ला बाजार थाना हनुमानगंज पर समाप्त होगा। समिति ने राजधानी के नागरिकों से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में शामिल होकर इस पारंपरिक आयोजन को भव्य और यादगार बनाएं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे