भोपाल की जनता को स्वच्छ पानी नहीं मिल रहा, सरकार जवाब दे: जीतू पटवारी
भाेपाल, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने राजधानी भोपाल की पेयजल व्यवस्था को लेकर प्रदेश सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार राजधानी के लोगों को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने में पूरी तरह विफल रही है। बड़े तालाब और कोलार जलापूर्ति से जुड़े पानी के नमूनों में फीकल कॉलीफॉर्म बैक्टीरिया मिलने की खबर को उन्होंने बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि यह लाखों नागरिकों के स्वास्थ्य के साथ गंभीर लापरवाही है।
जीतू पटवारी ने शनिवार काे बयान जारी कर दावा किया कि उपलब्ध जानकारी के अनुसार बड़े तालाब से सप्लाई होने वाले करीब 90 प्रतिशत पानी के नमूनों में सीवेज जनित फीकल कॉलीफॉर्म बैक्टीरिया मिला है, जबकि कोलार जलापूर्ति के लगभग 25 प्रतिशत नमूने भी निर्धारित मानकों पर खरे नहीं उतरे। उन्होंने कहा कि इससे स्पष्ट होता है कि राजधानी की जलापूर्ति व्यवस्था गंभीर संकट से गुजर रही है और सरकार अपनी बुनियादी जिम्मेदारी निभाने में असफल रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सरकार एक ओर सुशासन के दावे करती है, वहीं दूसरी ओर भोपाल के नागरिक दूषित पानी पीने को मजबूर हैं। यदि समय रहते स्थिति में सुधार नहीं किया गया तो जलजनित बीमारियों का बड़ा खतरा पैदा हो सकता है। उन्होंने सरकार से पूछा कि राजधानी के नागरिकों के स्वास्थ्य की जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि सरकार को इंदौर के भागीरथपुरा जैसी घटनाओं से सबक लेना चाहिए था, लेकिन लापरवाही का सिलसिला अब भोपाल में भी दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि जनता की जान जोखिम में डालने वाली ऐसी स्थिति किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं की जा सकती। पटवारी ने मांग की कि पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच कराई जाए। जल गुणवत्ता की निगरानी में लापरवाही बरतने वाले जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की वैकल्पिक व्यवस्था, स्वास्थ्य शिविर और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश कांग्रेस जनता के स्वास्थ्य से जुड़े इस मुद्दे पर सरकार की जवाबदेही तय कराएगी और भोपालवासियों के सुरक्षित पेयजल के अधिकार के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे