भोपाल: शराब दुकानों के खिलाफ विरोध तेज, ईंटखेड़ी में जिपं उपाध्यक्ष समेत ग्रामीणों का धरना

 


भोपाल, 13 अप्रैल (हि.स.) । राजधानी भोपाल में शराब दुकानों की शिफ्टिंग और संचालन को लेकर विरोध लगातार बढ़ता जा रहा है। कोलार रोड, पॉलिटेक्निक चौराहा, अवधपुरी और सेमराकलां के बाद अब ईंटखेड़ी क्षेत्र में भी स्थानीय लोगों ने सड़कों पर उतरकर प्रदर्शन शुरू कर दिया है।

ईंटखेड़ी में शराब दुकान के विरोध में जिला पंचायत उपाध्यक्ष मोहन सिंह जाट खुद धरने पर बैठ गए। सोमवार को ग्रामीणों ने पहले दुकान का शटर गिराया और बाद में मौके पर टेंट लगाकर भजन-कीर्तन शुरू कर दिया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने कुछ दिन पहले कलेक्टर को आवेदन देकर दुकान हटाने की मांग की थी, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं होने पर दोपहर 12 बजे से दुकान के सामने ही विरोध शुरू कर दिया गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि शराब दुकान भैंरोपुरा, कल्याणपुरा और खामखेड़ा जाने वाले मुख्य रास्ते पर स्थित है, जिससे स्कूल और कॉलेज जाने वाले छात्रों सहित आम लोगों को परेशानी होती है। उनका कहना है कि दुकान के सामने लोगों का बैठकर शराब पीना आम बात हो गई है, जिससे महिलाओं और बच्चों को असुविधा का सामना करना पड़ता है। मोहन सिंह जाट ने कहा कि इस दुकान के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बढ़ रहा है और क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि जब तक दुकान हटाई नहीं जाती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और दुकान को खुलने नहीं दिया जाएगा।

इसी तरह भोपाल के अन्य क्षेत्रों में भी शराब दुकानों के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है। अवधपुरी के ऋषिपुरम 80 फीट रोड स्थित पेट्रोल पंप के पास लोग रोजाना सुंदरकांड पाठ कर रहे हैं और दुकान हटाने की मांग कर रहे हैं। सेमराकलां के विजय नगर सांईराम कॉलोनी के निवासी पिछले एक साल से विरोध कर रहे हैं और टेंट लगाकर भजन-कीर्तन कर रहे हैं।

कोलार रोड के मंदाकिनी चौराहे के पास दुकान शिफ्ट होने के बाद भी विरोध बढ़ गया है, क्योंकि यह क्षेत्र घनी आबादी और जैन मंदिर के पास है। वहीं पॉलिटेक्निक चौराहे पर प्रोफेसर कॉलोनी के पास स्थित दुकान के खिलाफ छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद भी प्रदर्शन कर चुका है।

हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत