भोपाल के ओम नगर में सरकारी स्कूल की बदहाल स्थिति पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, बिजली-पानी और अतिरिक्त शिक्षकों की मांग

 






भोपाल, 06 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के कोलार क्षेत्र स्थित ओम नगर की शासकीय नवीन प्राथमिक शाला की स्थिति को लेकर कांग्रेस ने सरकार और शिक्षा विभाग पर सवाल उठाए। कोलार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के प्रतिनिधिमंडल ने गुरुवार काे विद्यालय का निरीक्षण कर इसकी तस्वीरें और वीडियो जारी किए।

कांग्रेस का दावा है कि स्कूल भवन जर्जर अवस्था में है तथा यहां बिजली, पेयजल, पर्याप्त फर्नीचर और शिक्षकों जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है।

कोलार ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष राहुल सिंह राठौड़ के नेतृत्व में पहुंचे प्रतिनिधिमंडल में सुजीत पांडा, शाहिद हुसैन, सुनील पाटिल सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे। प्रतिनिधिमंडल ने विद्यालय का निरीक्षण करने के साथ विद्यार्थियों और शिक्षिका से भी चर्चा की। कांग्रेस द्वारा जारी वीडियो में विद्यालय भवन की दीवारों और छत पर सीलन, उखड़ा हुआ प्लास्टर तथा शौचालयों की खराब स्थिति दिखाई गई है। पार्टी का आरोप है कि विद्यालय में लंबे समय से बिजली और पेयजल की समुचित व्यवस्था नहीं है तथा बच्चों के बैठने के लिए पर्याप्त फर्नीचर भी उपलब्ध नहीं है।

निरीक्षण के दौरान विद्यालय की शिक्षिका ज्योति बरमइया ने प्रतिनिधिमंडल को बताया कि स्कूल में पहली से पांचवीं कक्षा तक लगभग 70 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं और पूरे विद्यालय में वे अकेले शिक्षण कार्य संभाल रही हैं। उनके अनुसार अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति, बिजली, पानी और अन्य मूलभूत सुविधाओं के लिए कई बार संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अब तक अपेक्षित कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने यह भी बताया कि पेयजल की स्थायी व्यवस्था नहीं होने के कारण आसपास से पानी लाकर बच्चों के लिए उपलब्ध कराया जाता है।

राहुल सिंह राठौड़ ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और भोपाल कलेक्टर से विद्यालय का निरीक्षण कर भवन की मरम्मत, बिजली-पानी की व्यवस्था, अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति तथा आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि राजधानी के सरकारी विद्यालयों की स्थिति शिक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे