भोपाल में एनएसयूआई शनिवार को करेगी सीएम हाउस घेराव, बड़ी संख्या में छात्र होंगे शामिल

 


भोपाल, 29 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश राष्ट्रीय छात्र संगठन (एनएसयूआई) ने एनटीए द्वारा आयोजित परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों को लेकर 30 मई, शनिवार को मुख्यमंत्री निवास घेराव का ऐलान किया है। संगठन के अनुसार यह प्रदर्शन शाम 4 बजे भोपाल में आयोजित किया जाएगा।

एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे ने शुक्रवार काे भाेपाल स्थित कांग्रेस प्रदेश कार्यालय में पत्रकाराें से चर्चा करते हुए बताया कि संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ भी इस आंदोलन में शामिल होने के लिए भोपाल पहुंचेंगे। उन्होंने दावा किया कि प्रदेशभर से 5 से 7 हजार छात्र इस प्रदर्शन में भाग लेंगे, जिनमें बड़ी संख्या नीट परीक्षा से प्रभावित विद्यार्थियों की होगी।

चौकसे ने कहा कि यह आंदोलन छात्रों के भविष्य और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर किया जा रहा है। संगठन की प्रमुख मांगों में केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, मध्यप्रदेश में छात्र संघ चुनावों की बहाली तथा राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय के विखंडन पर रोक शामिल है। उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक और परीक्षा संबंधी विवाद छात्रों में मानसिक तनाव बढ़ा रहे हैं। साथ ही उन्होंने नीट परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर केंद्र सरकार की भूमिका पर भी सवाल उठाए।

एनएसयूआई ने कहा कि छात्रों की मेहनत और परीक्षा प्रणाली की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए निष्पक्ष एवं पारदर्शी व्यवस्था जरूरी है। संगठन ने छात्रों के मुद्दों को लेकर आगे भी आंदोलन जारी रखने की बात कही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे