भोपाल में अफसर से अभद्रता के विरोध में शिक्षा विभाग की हड़ताल, नर्मदापुरम के डीईओ-जेडी कार्यालय में ठप रहा काम
नर्मदापुरम, 21 अगस्त (हि.स.)। भोपाल स्थित लोक शिक्षण संचालनालय परिसर में गुरुवार को हुई घटना के विरोध में शिक्षा विभाग के शिक्षक और कर्मचारी संगठनों ने शुक्रवार से प्रदेशव्यापी अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी। हड़ताल का असर नर्मदापुरम में भी दिखाई दिया। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय और संयुक्त संचालक लोक शिक्षण (जेडी) कार्यालय में शुक्रवार को नियमित सरकारी कामकाज ठप रहा।
दोपहर करीब 12 बजे जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के बाहर बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी एकत्र हुए और भोपाल की घटना के विरोध में नारेबाजी कर अपना आक्रोश जताया। कर्मचारियों ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि सरकारी कार्यालय में घुसकर अधिकारी-कर्मचारियों के साथ अभद्रता और कथित हिंसा का प्रयास गंभीर मामला है।
भोपाल में आयुक्त कार्यालय तक पहुंच गए थे प्रदर्शनकारी
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सीनियर क्लर्क और लिपिक वर्ग कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने बताया कि गुरुवार को भोपाल स्थित लोक शिक्षण संचालनालय में प्रदर्शन के दौरान कुछ प्रदर्शनकारी कार्यालय की पहली मंजिल तक पहुंच गए थे। इसके बाद वे लोक शिक्षण आयुक्त के कक्ष के बाहर पहुंच गए। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शन के दौरान कार्यालय में कार्यरत अधिकारी-कर्मचारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया और हिंसा का प्रयास किया गया। तिवारी ने कहा कि इस घटना से शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों में असंतोष है और इसी के विरोध में प्रदेशभर के कर्मचारी संगठनों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल का निर्णय लिया है।
अधिकारी-कर्मचारियों की सुरक्षा जरूरी
प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने कहा कि अपनी मांगों को लेकर किसी भी संगठन या समूह को लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन सरकारी कार्यालय में घुसकर अधिकारी-कर्मचारियों के साथ अभद्रता या हिंसा का प्रयास स्वीकार्य नहीं है। कर्मचारियों ने सरकार से सरकारी कार्यालयों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने की मांग की।
कार्यालयों में कामकाज रहा प्रभावित
प्रदेशव्यापी हड़ताल के कारण शुक्रवार को जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय और संयुक्त संचालक लोक शिक्षण कार्यालय में कर्मचारी नियमित कामकाज से दूर रहे। इसके चलते विभागीय कार्य प्रभावित हुए। कर्मचारियों ने कहा कि जब तक भोपाल की घटना को लेकर उचित कार्रवाई और अधिकारी-कर्मचारियों की सुरक्षा को लेकर ठोस व्यवस्था नहीं की जाती, तब तक आंदोलन जारी रखने का निर्णय लिया गया है। प्रदर्शन में राखी चौरे, प्रभा हेड़ाऊ, पीएन बाइयां, एससी भट्ट, आरएस सोलंकी, सुरेंद्र प्रसाद, मनीष कुशवाह, नीलेश बाऊसिया, सुनीता मालवीय, नीरज धुर्वे, रामगोपाल उइके सहित बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे