भोपाल में म्युनिसिपल मोबाइल कोर्ट की बड़ी कार्रवाई, बंसल वन स्थित रेस्टोरेंट और बार में एक्सपायर कोल्ड्रिंक्स मिलीं

 


भोपाल, 21 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में खाद्य सुरक्षा और साफ-सफाई के नियमों को लेकर नगर निगम की म्युनिसिपल मोबाइल कोर्ट ने शुक्रवार को बंसल वन क्षेत्र के रेस्टोरेंट और बार में औचक कार्रवाई की। प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट तरुणेंद्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में हुई जांच के दौरान कई प्रतिष्ठानों में एक्सपायर कोल्ड्रिंक्स मिलीं। कुछ जगहों पर वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री एक ही फ्रीजर में रखी मिली। अनियमितताओं पर मौके पर ही जुर्माने की कार्रवाई की गई।

मोबाइल कोर्ट ने दोपहर करीब 1:30 बजे कार्रवाई शुरू की, जो लगभग दो घंटे तक चली। टीम ने फर्जी कैफे, रोमियो लेन, फ्लाइंग सॉसर, रास्ता, माय बार, आयबरी, कव्वाली और संकल्प रेस्टोरेंट एवं बार सहित कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया।

किचन में पहुंचकर देखी खाद्य सामग्री

मजिस्ट्रेट तरुणेंद्र प्रताप सिंह ने रेस्टोरेंट और बार के किचन में जाकर खाद्य सामग्री, उसके रखरखाव और स्वच्छता व्यवस्था का निरीक्षण किया। जांच के दौरान कुछ स्थानों पर एक्सपायर कोल्ड्रिंक्स मिलीं। वहीं, फ्रीजर में वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री को अलग-अलग रखने के बजाय एक साथ रखा गया था। किचन में गंदगी और साफ-सफाई की कमी मिलने पर कर्मचारियों को फटकार लगाई गई। कार्रवाई के दौरान टीम ने भोजन और कोल्ड्रिंक्स के सैंपल भी लिए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, शुद्धता और सुरक्षित भंडारण व्यवस्था की जांच की गई। कार्रवाई खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 तथा मध्यप्रदेश नगर पालिक निगम अधिनियम के तहत की गई।

30 से ज्यादा वाहनों के काफिले के साथ पहुंची टीम

नगर निगम की विशेष टीम 30 से अधिक वाहनों के काफिले के साथ बंसल वन क्षेत्र में पहुंची। अचानक हुई कार्रवाई से रेस्टोरेंट और बार संचालकों में हड़कंप की स्थिति बन गई। निगम के जोन और वार्ड प्रभारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी भी कार्रवाई में शामिल रहे। नगर निगम अधिकारियों ने प्रतिष्ठान संचालकों को खाद्य सामग्री की गुणवत्ता, एक्सपायरी डेट, भंडारण और किचन की स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा और स्वच्छता मानकों में लापरवाही पाए जाने पर आगे भी कार्रवाई जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे