भोपाल में निगम की दुकानों के ऊपर बन रहे पार्षद के कार्यालय पर चला बुलडोजर
- वार्ड-62 के भाजपा पार्षद राजेश चौकसे बोले- कमिश्नर से मौखिक अनुमति ली थी, फिर भी हुई कार्रवाई
भोपाल, 10 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के आनंद नगर क्षेत्र में नगर निगम की शासकीय दुकानों के ऊपर बनाए जा रहे निजी कार्यालय पर शुक्रवार सुबह नगर निगम ने बुलडोजर कार्रवाई करते हुए निर्माण ध्वस्त कर दिया। यह निर्माण वार्ड-62 के भाजपा पार्षद राजेश चौकसे द्वारा कराया जा रहा था। पार्षद का दावा है कि उन्होंने नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन से मौखिक अनुमति लेने के बाद ही निर्माण कार्य शुरू कराया था, लेकिन इसके बावजूद निगम ने कार्रवाई कर दी।
नगर निगम की बिल्डिंग परमिशन शाखा ने पुलिस बल की मौजूदगी में आनंद नगर चौराहे के पास स्थित निगम की दुकानों के ऊपर किए जा रहे निर्माण को अवैध बताते हुए ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की। इस दौरान करीब 450 वर्गफुट क्षेत्र में बने निर्माण को हटाया गया। नगर निगम के अनुसार, इस कार्रवाई से लगभग 30 लाख रुपये मूल्य की शासकीय भूमि एवं संपत्ति को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया। निगम ने कहा कि सरकारी संपत्तियों पर किसी भी प्रकार का अवैध निर्माण या अतिक्रमण स्वीकार्य नहीं है और ऐसे मामलों में नियमानुसार सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
ध्वस्तीकरण के दौरान पार्षद राजेश चौकसे भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ीकरण के दौरान उनका पुराना कार्यालय हट गया था। इसके बाद क्षेत्र के नागरिकों की समस्याएं सुनने और जनसंपर्क के लिए वे निगम की दुकानों के ऊपर कार्यालय बनवा रहे थे। चौकसे का कहना है कि इस संबंध में उन्होंने नगर निगम आयुक्त से चर्चा की थी और मौखिक सहमति मिलने के बाद ही निर्माण कराया, लेकिन शुक्रवार सुबह बिना किसी पूर्व सूचना के निगम की टीम पहुंची और निर्माण को ध्वस्त कर दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे