भोपाल निगम परिषद की बैठक आज, होर्डिंग्स से लेकर पुराने प्रस्तावों तक उठेंगे सवाल, हंगामे के आसार

 


भोपाल, 24 अक्टूबर (हि.स.)। भोपाल नगर निगम परिषद की बैठक आज शनिवार को आयोजित होगी। बैठक में पुराने एजेंडे के कुछ प्रस्तावों को संशोधित शर्तों के साथ दोबारा पेश किया जाएगा। वहीं, वैध-अवैध होर्डिंग्स सहित शहर से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर भाजपा और कांग्रेस के पार्षद सवाल उठा सकते हैं। पिछली बैठकों में हुए हंगामे को देखते हुए इस बार भी सदन में तीखी बहस के आसार हैं।

बैठक सुबह 11 बजे आईएसबीटी स्थित मीटिंग हॉल में शुरू होगी। निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी बैठक की अध्यक्षता करेंगे। महापौर मालती राय की मौजूदगी में एजेंडे पर चर्चा होगी। निगम आयुक्त रामप्रकाश अहिरवार भी पहली बार परिषद की बैठक में शामिल होंगे। उन्होंने तीन दिन पहले ही पदभार संभाला है।

चार प्रमुख प्रस्तावों पर होगी चर्चा

बैठक में चार प्रमुख प्रस्ताव चर्चा के लिए रखे जाएंगे। इनमें दो प्रस्ताव ऐसे हैं, जिन्हें 19 अगस्त को हुई परिषद की बैठक में मंजूरी नहीं मिली थी। अब महापौर परिषद (एमआईसी) ने इनमें बदलाव कर दोबारा सदन के सामने रखने की तैयारी की है।

नए निगम मुख्यालय के सर्विस ब्लॉक को 10 साल के लिए देने का प्रस्ताव

नए निगम मुख्यालय के सर्विस ब्लॉक को देने की अवधि बढ़ाने का प्रस्ताव रखा जाएगा। पहले परिषद ने इसे केवल दो साल के लिए देने का निर्णय लिया था। अब इसे 10 साल के लिए देने और अगले 10 साल के लिए नवीनीकरण का प्रावधान प्रस्तावित है। इस तरह कुल अवधि अधिकतम 20 साल हो सकती है।

सोन चिरैया हॉकर्स कॉर्नर के लिए सुरक्षा शर्तें बदलीं

गर्ल्स कॉलेज के पास स्थित सोन चिरैया हॉकर्स कॉर्नर को किराए पर देने का प्रस्ताव भी फिर सदन में आएगा। अगस्त की बैठक में छात्राओं की सुरक्षा को लेकर इस प्रस्ताव पर आपत्ति उठी थी। अब संबंधित एजेंसी के लिए परिसर और आसपास 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे चालू रखने तथा सुरक्षा गार्ड तैनात करने की शर्त रखी गई है। प्रस्ताव में तीन साल के लिए किराए पर देने और अगले तीन साल के नवीनीकरण का प्रावधान है।

अमृत 2.0 के लिए 493.49 करोड़ रुपये का ऋण प्रस्ताव

बैठक के एजेंडे में अमृत 2.0 योजना के लिए 493.49 करोड़ रुपये के ऋण से संबंधित प्रस्ताव भी शामिल है। इस पर परिषद में चर्चा होगी।

न्यू मार्केट मल्टीलेवल पार्किंग का हॉल किराए पर देने की तैयारी

न्यू मार्केट स्थित मल्टीलेवल पार्किंग की चौथी मंजिल पर बने हॉल को किराए पर देने का प्रस्ताव भी परिषद के सामने रखा जाएगा। इस पर सदन में चर्चा के बाद आगे की प्रक्रिया तय होगी।

होर्डिंग्स सहित शहर के मुद्दों पर भी नजर

बैठक में पार्षद वैध और अवैध होर्डिंग्स के मुद्दे पर सवाल उठा सकते हैं। शहर में विज्ञापन होर्डिंग्स की स्थिति और निगम की कार्रवाई जैसे विषयों पर चर्चा होने की संभावना है। भाजपा और कांग्रेस के पार्षद अन्य स्थानीय समस्याओं को भी सदन में उठा सकते हैं। ऐसे में संशोधित प्रस्तावों पर सहमति बनाने के साथ पार्षदों के सवालों का जवाब देना भी निगम प्रशासन के लिए अहम रहेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे