भोपाल के मुगालिया हाट में जन विश्वास अभियान का शिविर,  कमिश्नर-आईजी समेत जिला प्रशासन के अधिकारी इलेक्ट्रिक बसों से पहुंचे

 


30 गांवों के लोगों की समस्याओं का होगा निराकरण, किसान आईडी, आयुष्मान कार्ड, राजस्व प्रकरण और योजनाओं की होगी समीक्षा

भोपाल, 14 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के मुगालिया हाट में शुक्रवार को मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के तहत शिविर शुरू हुआ। हुजूर तहसील के फंदा विकासखंड की ग्राम पंचायत मुगालिया हाट में आयोजित शिविर में आसपास के करीब 30 गांवों के लोगों की समस्याओं और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े प्रकरणों की सुनवाई की जा रही है। प्रशासन का लक्ष्य अधिक से अधिक मामलों का मौके पर ही निराकरण करना है।

शिविर में शामिल होने के लिए कमिश्नर कर्मवीर शर्मा, आईजी राजेश सिंह चंदेल, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, एसपी देहात पंकज पांडे, जिला पंचायत सीईओ इला तिवारी समेत अन्य जिला अधिकारी भोपाल कलेक्टोरेट से दो इलेक्ट्रिक बसों में सवार होकर मुगालिया हाट पहुंचे।

इन मामलों की होगी सुनवाई

शिविर में मुख्यमंत्री हेल्पलाइन, जनसुनवाई, लोक सेवा गारंटी अधिनियम और राजस्व से जुड़े प्रकरणों की समीक्षा की जाएगी। इसके साथ ही किसान आईडी, आयुष्मान भारत कार्ड, समग्र ई-केवाईसी, प्रधानमंत्री आवास योजना और जल जीवन मिशन से संबंधित समस्याओं की भी सुनवाई होगी। विभिन्न सरकारी योजनाओं और सेवाओं की प्रगति की समीक्षा के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने की प्रक्रिया भी आगे बढ़ाई जाएगी। शिविर में ग्राम पंचायतों से संबंधित प्रकरणों का एक ही स्थान पर निराकरण करने का प्रयास किया जाएगा। अधिकारियों द्वारा शाम तक ग्रामीणों की समस्याएं सुनी जाएंगी। इस दौरान क्षेत्र के उद्यमियों से भी संवाद किया जाएगा। उद्यमियों की समस्याओं, सुझावों और स्थानीय स्तर पर कारोबार से जुड़ी जरूरतों पर अधिकारियों के साथ चर्चा होगी।

इलेक्ट्रिक बसों से पहुंचे अधिकारी

ईंधन की बचत और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देने के उद्देश्य से अधिकारियों ने इलेक्ट्रिक बसों से मुगालिया हाट का रुख किया। इससे पहले जगदीशपुर में हुई कैबिनेट बैठक में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्रियों और अधिकारियों के इलेक्ट्रिक बसों से पहुंचने की पहल भी चर्चा में रही थी। मुख्यमंत्री की ओर से भी इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने का संदेश दिया जा रहा है।

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे