भोपाल का मास्टर प्लान जल्द लागू करने की मांग, कांग्रेस विधायक मसूद ने निकाली ‘रन-4 मास्टर प्लान’ दौड़
भोपाल, 09 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल का मास्टर प्लान जल्द लागू करने की मांग को लेकर मध्य विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने बुधवार को ‘रन-4 मास्टर प्लान’ दौड़ आयोजित की। 11 नंबर बस स्टॉप से शुरू हुई दौड़ में युवा, महिलाएं, विद्यार्थी, व्यापारी और शहर के विभिन्न वर्गों के लोग शामिल हुए। प्रतिभागियों ने दौड़ के माध्यम से राजधानी के विकास और भविष्य की योजनाओं को स्पष्ट करने के लिए मास्टर प्लान शीघ्र लागू करने की मांग उठाई।
कांग्रेस विधायक आरिफ मसूद ने कहा कि भोपाल का मास्टर प्लान लंबे समय से लंबित है। उनका कहना है कि इससे शहर के नियोजित विकास, जमीन के उपयोग, निर्माण और व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मसूद ने कहा कि जब उज्जैन का मास्टर प्लान जारी किया जा सकता है तो भोपाल का मास्टर प्लान क्यों लंबित रखा गया है। उन्होंने सरकार से राजधानी के लिए जल्द मास्टर प्लान लागू करने की मांग की। उन्होंने कहा कि यह मुद्दा किसी राजनीतिक दल से ज्यादा भोपाल के भविष्य और शहरवासियों की सुविधाओं से जुड़ा है।
सीवेज कार्य से खोदी सड़कें जल्द बनें
आरिफ मसूद ने अरेरा कॉलोनी और आई-2 से आई-8 क्षेत्रों में सीवेज लाइन तथा अन्य निर्माण कार्यों के लिए खोदी गई सड़कों की मरम्मत जल्द कराने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि सड़कों की खराब स्थिति और गड्ढों के कारण स्थानीय लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। उन्होंने सड़क निर्माण के श्रेय को लेकर कहा कि उन्हें इससे कोई मतलब नहीं है कि भूमिपूजन कौन करेगा। सरकार और नगर निगम को प्राथमिकता के आधार पर सड़कें बनाकर लोगों को राहत देनी चाहिए।
सीलिंग कार्रवाई का मुद्दा भी उठाया
कांग्रेस विधायक ने कहा कि मास्टर प्लान लंबित रहने से शहर में जमीन के उपयोग और निर्माण से जुड़े मामलों में स्थिति स्पष्ट नहीं हो पा रही है। वहीं, नगर निगम की सीलिंग कार्रवाई को लेकर व्यापारी और संपत्ति मालिक भी अपनी समस्याएं सामने रख रहे हैं। उन्होंने सरकार से इस पूरे मामले में स्पष्ट नीति बनाने और शहर के विकास से जुड़े लंबित निर्णय जल्द लेने की मांग की।
स्पाइडर-मैन मास्क पहनकर दौड़ा युवक
‘रन-4 मास्टर प्लान’ में स्पाइडर-मैन का मास्क पहनकर एक युवक भी शामिल हुआ। उसने अपना नाम स्पीडी बताया। उसका कहना था कि भोपाल के भविष्य के लिए मास्टर प्लान जरूरी है। उसके अनुसार, शहर में यातायात और विकास से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सुनियोजित विकास की जरूरत है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे