भोपाल: बैरागढ़ रोड पर पटाखा दुकान में भीषण आग, 70 फीट ऊपर उठीं लपटें, साढ़े तीन घंटे बाद पाया काबू
भोपाल, 12 जून (हि.स.) । राजधानी भोपाल का बैरागढ़ रोड शुक्रवार तड़के पटाखों के धमाकों और भीषण आग की लपटों से दहल उठा। यहां हलालपुरा स्थित मुख्य सड़क किनारे बनी एक पटाखा दुकान में अचानक भीषण आग लग गई। दुकान में रखे लाखों रुपए के पटाखों में धमाकों के कारण आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप धारण कर लिया। हालांकि दमकल टीम ने आग पर पूरी तरह काबू पा लिया है।
जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक हादसा बैरागढ़ रोड स्थित सुंदर वन गार्डन के ठीक सामने संचालित 'सोनी पटाखा दुकान' में तड़के करीब 3:30 बजे घटित हुआ। चूंकि दुकान मुख्य सड़क के बिल्कुल किनारे स्थित है, जहां दिन के समय भारी ट्रैफिक और गाड़ियों की आवाजाही रहती है, इसलिए गनीमत यह रही कि हादसा देर रात हुआ, अन्यथा बड़ी घटना हो सकती थी। धमाकों की आवाज सुनकर आसपास के रहवासी सहम गए और तुरंत इसकी सूचना फायर ब्रिगेड और स्थानीय पुलिस को दी गई। आग की लपटें करीब 70 फीट ऊपर तक उठीं। घटना की सूचना मिलते ही शहर के कई फायर स्टेशनों से दमकल गाड़ियां और भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
हलालपुरा का मुख्य और बड़ा पटाखा मार्केट इस दुकान से महज कुछ ही दूरी पर स्थित है। इतना ही नहीं, घटना स्थल के बेहद पास एक पेट्रोल पंप भी मौजूद है, जिससे इलाके पर एक बड़ा खतरा मंडरा रहा था। सोनी पटाखा दुकान में लाखों रुपए के कई किलोग्राम पटाखे और बारूद का स्टॉक भरा हुआ था, जो इस अग्निकांड में पूरी तरह जलकर खाक हो गया। आग लगने के सटीक कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है, जिसकी जांच की जा रही है।
आग इतनी भयावह थी कि दुकान के भीतर से जलते हुए पटाखे और रॉकेट उड़कर मुख्य सड़क पर आ रहे थे। खतरे को भांपते हुए मौके पर पहुंची पुलिस ने तुरंत कार्रवाई की और सड़क के एक तरफ का ट्रैफिक पूरी तरह बंद करा दिया। सुरक्षा के लिहाज से बिजली कंपनी को सूचना देकर पूरे इलाके की बिजली सप्लाई तुरंत कटवाई गई।
फायर फाइटर शाहनाबाज अहमद ने बताया कि सूचना मिलते ही फतेहगढ़, बैरागढ़ और गांधीनगर सहित कई फायर स्टेशनों से दमकलें तुरंत मौके पर भेजी गईं। दुकान में बारूद की मौजूदगी के कारण आग बार-बार भड़क रही थी। हमारी टीमों ने रणनीतिक रूप से मोर्चा संभाला और करीब तीन घंटे से अधिक समय की भारी मशक्कत के बाद सुबह 7:00 बजे तक आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया। स्थिति अब पूरी तरह नियंत्रण में है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत