भोपाल में भाजपा की तिरंगा यात्रा में उमड़ा जनसैलाब, बुलेट से पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. यादव

 






बारिश में भी नहीं थमा जोश, देशभक्ति के साथ नशामुक्ति का संदेश

भोपाल, 09 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार को तेज बारिश के बीच भाजपा की तिरंगा यात्रा निकली। टीटी नगर स्टेडियम से शुरू हुई यात्रा में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुलेट बाइक से पहुंचे और हाथ में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए।

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेंद्र सिंह समेत बड़ी संख्या में नेता, कार्यकर्ता और शहरवासी यात्रा में शामिल हुए। बारिश की बौछारों के बीच ‘भारत माता की जय’ के नारों से माहौल देशभक्ति से सराबोर रहा। तेज बारिश के बावजूद बच्चों और युवाओं का उत्साह देखते ही बना। शहर के अलग-अलग इलाकों से पहुंचे बच्चे हाथों में तिरंगा लेकर यात्रा में शामिल हुए। कई बच्चे देशभक्ति से जुड़ी वेशभूषा में नजर आए। डोरेमोन और मोटू-पतलू की पोशाक में पहुंचे बच्चों ने भी लोगों का ध्यान खींचा।

बारिश के कारण छोटा करना पड़ा रूट

तेज बारिश और बच्चों की सुरक्षा को देखते हुए यात्रा का निर्धारित मार्ग छोटा कर दिया गया। पहले यात्रा टीटी नगर स्टेडियम से न्यू मार्केट और रोशनपुरा चौराहे होते हुए वापस टीटी नगर पहुंचने वाली थी। लेकिन न्यू मार्केट के नानके पेट्रोल पंप चौराहे से पहले ही यात्रा को वापस टीटी नगर की ओर मोड़ दिया गया।

‘बारिश ने यात्रा का आनंद दोगुना किया’

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि ‘भारत छोड़ो’ आंदोलन ने देश में आजादी के निर्णायक संघर्ष को नई दिशा दी थी। क्रांतिकारियों, शहीदों और स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करना हर राष्ट्रभक्त नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देशभर में जनभागीदारी के साथ तिरंगा अभियान चलाया जा रहा है। मध्यप्रदेश में भी 9 से 17 अगस्त तक ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत तिरंगा यात्राओं, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत अपनी संस्कृति, ‘वसुधैव कुटुंबकम’ और ‘जियो और जीने दो’ के विचार के साथ आगे बढ़ते हुए दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि बारिश के बावजूद बच्चों, युवाओं, बुजुर्गों और सभी वर्गों के लोगों का उत्साह सराहनीय है।

‘इंद्र देवता भी देशभक्तों का स्वागत कर रहे’

मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के बीच ऐसा लग रहा है जैसे इंद्र देवता भी देश के वीरों और देशभक्तों का स्वागत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि गीले होने के बावजूद लोगों का उत्साह और तिरंगे के प्रति सम्मान देशभक्ति की भावना को दर्शाता है।

तिरंगा साहस और बलिदान का प्रतीक

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि तिरंगे के तीनों रंग देश के साहस, वीरता और बलिदान की भावना के प्रतीक हैं। उन्होंने देश की यश-कीर्ति लगातार बढ़ने की कामना करते हुए तिरंगा यात्रा में शामिल भोपालवासियों को बधाई दी।

नशामुक्ति का भी दिया संदेश

तिरंगा यात्रा में राष्ट्रभक्ति के साथ नशामुक्ति का संदेश भी दिया गया। युवाओं को नशे से दूर रहने और समाज में नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने का आह्वान किया गया। आयोजकों ने युवा पीढ़ी को स्वस्थ और नशामुक्त बनाने का संकल्प भी दिलाया। बारिश के बीच निकली इस यात्रा में तिरंगा, देशभक्ति के नारे और बच्चों का उत्साह आकर्षण का केंद्र रहा। यात्रा के समापन के साथ टीटी नगर और आसपास का क्षेत्र देशभक्ति के नारों से गूंजता रहा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे