भोपाल में लोकल यूथ सर्वेयरों ने घेरा भू-संसाधन आयुक्त कार्यालय, आईडी चालू करने और रोटेशन बंद करने पर बनी सहमति

 


भोपाल, 10 अगस्त (हि.स.)। सेवा बहाली समेत विभिन्न मांगों को लेकर लोकल यूथ सर्वेयरों ने सोमवार को राजधानी भाेपाल में बारिश के बीच भू-संसाधन आयुक्त कार्यालय का घेराव किया।

प्रदेशभर से आए सर्वेयरों ने तीन महीने से बंद आईडी चालू करने, रोटेशन प्रक्रिया समाप्त करने, बकाया भुगतान और मासिक मानदेय तय करने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। करीब दो घंटे चली अधिकारियों के साथ बातचीत के बाद आईडी चालू करने, रोटेशन प्रक्रिया बंद करने और बकाया भुगतान कराने की मांगों पर सहमति बनी।

सर्वेयर संगठन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र गोस्वामी के नेतृत्व में प्रदर्शनकारी सुबह करीब 10 बजे आयुक्त कार्यालय पहुंचे। बारिश के बावजूद बड़ी संख्या में सर्वेयर कार्यालय के बाहर जुटे और मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। प्रदर्शन को अस्थायी, आउटसोर्स कर्मचारी मोर्चा के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा ने भी समर्थन दिया।

पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल से हुई बातचीत

प्रदर्शन के बाद दोपहर में अधिकारियों ने सर्वेयरों के पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाया। प्रतिनिधिमंडल में अस्थायी, आउटसोर्स कर्मचारी मोर्चा के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा, संगठन के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र गोस्वामी, प्रदेश महासचिव बृजेन्द्र कुशवाहा, संभाग प्रभारी सज्जन सिंह बडगावत और दतिया जिला अध्यक्ष हेमराज कुशवाहा शामिल थे।

अधिकारियों और प्रतिनिधिमंडल के बीच करीब दो घंटे तक चर्चा हुई। इसके बाद तीन प्रमुख मांगों पर सहमति बनी। इनमें तीन महीने से बंद आईडी को चालू करना, रोटेशन प्रक्रिया बंद करना और बकाया भुगतान कराने की मांग शामिल है।

29 अप्रैल के आदेश के बाद शुरू किया था आंदोलन

अस्थायी कर्मचारी मोर्चा के अध्यक्ष वासुदेव शर्मा ने कहा कि 29 अप्रैल को शासन की ओर से आदेश जारी होने के बाद सर्वेयरों की सेवाएं समाप्त कर दी गई थीं। इसके बाद सेवा बहाली की मांग को लेकर अभियान चलाया गया और राजस्व मंत्री के बंगले का घेराव भी किया गया। उन्होंने कहा कि आयुक्त कार्यालय के घेराव के बाद आईडी चालू करने और अन्य मांगों पर सहमति बनना आंदोलन की पहली सफलता है।

सर्वेयरों ने मासिक मानदेय तय करने और सेवा से जुड़े अन्य मुद्दों के निराकरण की मांग भी दोहराई। संगठन ने कहा कि इन मांगों पर आगे भी अधिकारियों से चर्चा जारी रखी जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे