भोपाल में करंट लगने से मजदूर की मौत, काम के दौरान हादसे ने ली जान
भोपाल, 31 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के कोहेफिजा क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की करंट लगने से मौत हो गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब वह मार्बल घिसाई का काम कर रहा था। घटना ने कार्यस्थलों पर सुरक्षा इंतजामों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, मृतक सोनू वर्मा (25) मूल रूप से राजगढ़ का निवासी था और वर्तमान में भोपाल के भानपुर मल्टी में किराए से रह रहा था। वह मार्बल घिसाई मशीन ऑपरेटर के रूप में काम करता था और इन दिनों लालघाटी क्षेत्र में एक साइट पर कार्यरत था। मंगलवार दोपहर वह साइट पर मार्बल की सफाई और घिसाई कर रहा था। इसी दौरान मशीन में लगे कटे हुए बिजली के तार के संपर्क में आने से उसे तेज करंट का झटका लग गया। हादसा इतना गंभीर था कि वह मौके पर ही बेसुध होकर गिर पड़ा।
कुछ समय तक मशीन की आवाज बंद रहने पर साथी मजदूरों को शक हुआ। जब वे मौके पर पहुंचे तो सोनू जमीन पर अचेत अवस्था में पड़ा मिला। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे