भोपाल में कोलार पाइपलाइन की मरम्मत पूरी, 75 से अधिक इलाकों में बहाल होगी जलापूर्ति
भोपाल, 05 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में पिछले तीन दिनों से जारी जल संकट के बीच कोलार जलप्रदाय लाइन की मरम्मत पूरी कर ली गई है। शुक्रवार सुबह से प्रभावित इलाकों में पानी की आपूर्ति बहाल कर दी गई है। नगर निगम ने राहत देते हुए फिलहाल टंकियां भरने की प्रक्रिया रोककर सीधे फिल्टर प्लांट से सप्लाई शुरू की, ताकि लोगों तक जल्द पानी पहुंच सके।
कोलार प्रोजेक्ट की मुख्य 1650 एमएम ग्रेविटी पाइपलाइन में बांसखेड़ी के पास लीकेज के कारण शहर के लगभग 40 प्रतिशत, यानी 10 लाख से अधिक लोग प्रभावित हो गए थे। नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने बताया कि शुक्रवार सुबह 6 बजे से कोलार फिल्टर प्लांट से सीधे जलापूर्ति शुरू कर दी गई। पहले टंकियां भरने की बजाय डायरेक्ट सप्लाई का निर्णय इसलिए लिया गया ताकि प्रभावित क्षेत्रों तक पानी तेजी से पहुंच सके।
अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग के अनुसार, बांसखेड़ी में क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत गुरुवार रात 9 बजे तक पूरी कर ली गई थी। इसके बाद रात में ही पंप शुरू कर दिए गए थे। जलापूर्ति बहाल होने के बाद चार इमली, शिवाजी नगर, तुलसी नगर, अरेरा कॉलोनी, ई-1 से ई-7, नारियलखेड़ा, टीला जमालपुरा, इब्राहिमपुरा, जवाहर चौक सहित लगभग 75 से अधिक इलाकों में पानी की सप्लाई शुरू कर दी गई है। शेष क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से जलापूर्ति की जा रही है।
68 टंकियां बाद में भरी जाएंगी
निगम के अनुसार भोपाल में कोलार, नर्मदा, केरवा और बड़ा तालाब आधारित कुल 173 टंकियां हैं। सामान्य व्यवस्था में पहले टंकियां भरी जाती हैं, लेकिन इस बार आपात स्थिति के चलते सीधे सप्लाई की गई। अब स्थिति सामान्य होने के बाद कोलार सिस्टम की 68 टंकियों को फिर से भरा जाएगा, ताकि शनिवार से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित की जा सके।
तीन दिन तक टैंकरों पर निर्भर रहे लोग
लीकेज के कारण पिछले तीन दिनों से शहर के कई इलाकों में जलापूर्ति पूरी तरह ठप रही। इस दौरान लोगों को टैंकरों पर निर्भर रहना पड़ा। कई क्षेत्रों में पानी की भारी किल्लत देखने को मिली और नागरिकों को निजी टैंकरों से पानी खरीदना पड़ा। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि जहां टैंकर का सामान्य किराया करीब 300 रुपये है, वहीं संकट के दौरान 1000 से 1200 रुपये तक वसूली की गई।
प्रभावित रहे प्रमुख इलाके
जोन-3: नारियलखेड़ा, रामनगर, शाहजहांनाबाद, निशातपुरा
जोन-4: चौकसे नगर, डीआईजी बंगला, हमीदिया रोड, सिंधी कॉलोनी
जोन-5: इब्राहिमपुरा, इतवारा, बुधवारा, मोती मस्जिद क्षेत्र
जोन-6: शाहपुरा, त्रिलंगा, ई-7 अरेरा कॉलोनी
जोन-7: शिवाजी नगर, तुलसी नगर, माता मंदिर
जोन-8: चार इमली, कोलार बस्ती, दुर्गा नगर सहित कई क्षेत्र
जोन-10: एमपी नगर, अरेरा कॉलोनी, ई-1 से ई-7 तक के क्षेत्र
मौके पर डटी रहीं निगम कमिश्नर
मरम्मत कार्य के दौरान नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन लगातार मौके पर मौजूद रहीं और पूरी स्थिति की निगरानी करती रहीं। उन्होंने रात में ही पंप संचालन शुरू कराने के निर्देश दिए, जिससे मरम्मत कार्य में तेजी आई और समय पर जलापूर्ति बहाल हो सकी।
अयोध्या बायपास पर भी नई समस्या
इसी बीच अयोध्या बायपास क्षेत्र में सड़क निर्माण कार्य के दौरान नर्मदा पाइपलाइन में भी लीकेज सामने आया है। इसके कारण आसाराम तिराहे से रत्नागिरि तिराहे तक के क्षेत्रों में भी जलापूर्ति बाधित रहने की संभावना जताई गई है।
राहत के साथ निगरानी जारी
फिलहाल कोलार लाइन सुधार के बाद शहर के बड़े हिस्से में पानी पहुंचना शुरू हो गया है, जिससे लोगों को राहत मिली है। हालांकि निगम ने स्पष्ट किया है कि सभी क्षेत्रों में पूर्ण सामान्य जलापूर्ति बहाल होने में कुछ समय और लग सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे