भोपाल में खुशीलाल अस्पताल परिसर की इमारतों को जोड़ेंगे ब्रिज और पाथवे, हर्बल गार्डन का शैक्षणिक भ्रमण कर सकेंगे स्कूली छात्र
भोपाल, 06 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल स्थित पंडित खुशीलाल शर्मा शासकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं अस्पताल परिसर में विभिन्न भवनों को आपस में जोड़ने के लिए ब्रिज और पाथवे विकसित किए जाएंगे। इस संबंध में भोपाल संभाग के आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने विस्तृत परियोजना प्रतिवेदन (डीपीआर) तैयार करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही परिसर में विकसित हर्बल गार्डन को शैक्षणिक भ्रमण के लिए स्कूली विद्यार्थियों के लिए खोलने का भी निर्णय लिया गया।
सोमवार को महाविद्यालय की स्वशासी समिति की कार्यकारिणी बैठक में आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने अस्पताल, कॉलेज, बालिका छात्रावास, ऑडिटोरियम और हर्बल गार्डन को सुरक्षित आवागमन के लिए ब्रिज एवं पाथवे से जोड़ने की योजना पर चर्चा की और अधिकारियों को इसकी विस्तृत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए गए। बैठक में परिसर के हर्बल गार्डन को विद्यार्थियों के लिए आयुर्वेदिक औषधीय पौधों की जानकारी का केंद्र बनाने पर सहमति बनी। इसके तहत स्कूल अपने छात्र-छात्राओं का शैक्षणिक भ्रमण करा सकेंगे। इसके लिए प्रति विद्यार्थी 10 रुपये शुल्क लेने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।
अस्पताल और लैब के आधुनिकीकरण को मंजूरी
कार्यकारिणी ने अस्पताल और पीजी भवन के मरम्मत कार्य समय-सीमा में पूरा करने, प्रयोगशालाओं के आधुनिकीकरण, सुपर स्पेशियलिटी विंग के लिए आवश्यक दवाओं की खरीद तथा शिक्षकों के लिए समय-समय पर प्रशिक्षण एवं कार्यशालाएं आयोजित करने के प्रस्तावों को भी स्वीकृति दी। इसके अलावा अस्पताल के विभिन्न विभागों के लिए आवश्यक चिकित्सा उपकरण, डिजिटल एक्स-रे मशीन, अग्निशमन उपकरण और सभी जांच प्रयोगशालाओं में सीसीटीवी कैमरे लगाने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। आयुक्त ने पीजी विद्यार्थियों के शोध कार्यों के पेटेंट की प्रगति की समीक्षा करते हुए उन्हें आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
होम्योपैथी और यूनानी कॉलेजों में भी सुविधाओं का विस्तार
आयुक्त कर्मवीर शर्मा ने शासकीय होम्योपैथी चिकित्सा महाविद्यालय तथा हकीम सैयद जिया-उल-हसन शासकीय यूनानी चिकित्सा महाविद्यालय की स्वशासी समिति की बैठक भी ली। उन्होंने कहा कि वैकल्पिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति लोगों का विश्वास बढ़ रहा है, इसलिए मरीजों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए।
बैठक में होम्योपैथी कॉलेज के नेत्र रोग विभाग के उन्नयन, मॉड्यूलर ऑपरेशन थिएटर के लिए उपकरणों की खरीद, पैथोलॉजी लैब के आधुनिकीकरण, रेडियोलॉजी विभाग के लिए कलर डॉप्लर मशीन, मरीजों के भोजन के लिए ऑटोमैटिक रोटी मशीन तथा एनएबीएच मानकों के अनुरूप आवश्यक संसाधनों की खरीद को सैद्धांतिक मंजूरी दी गई। आयुष परिसर में प्रस्तावित 200 बिस्तरों वाले बालिका छात्रावास के निर्माण कार्य में तेजी लाने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में आयुष विभाग की उप सचिव रंजना देवड़ा, संयुक्त आयुक्त डॉ. विनोद यादव, प्राचार्य डॉ. उमेश शुक्ला, अधीक्षक डॉ. हरिप्रसाद शर्मा सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे