भोपाल के करोंद में 96 लाख की शराब पर पुलिस और आबकारी विभाग के दावे अलग-अलग, जीतू पटवारी ने उठाए सवाल
भोपाल, 20 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के करोंद में करीब 96 लाख रुपये की शराब पकड़े जाने के मामले में पुलिस और आबकारी विभाग के अलग-अलग दावों को लेकर सियासत तेज हो गई है। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने इस मामले में सवाल उठाते हुए सरकार से स्थिति स्पष्ट करने की मांग की है। उन्होंने कहा कि पुलिस शराब को अवैध बता रही है, जबकि आबकारी विभाग के ऑनलाइन सिस्टम में उसकी वैधता दिखाई देने की बात सामने आ रही है। ऐसे में दोनों विभागों के दावों में अंतर की वजह स्पष्ट होनी चाहिए।
जीतू पटवारी ने शुक्रवार काे मीडिया काे बयान जारी कर कहा कि यदि शराब वैध थी, तो पुलिस ने उसे अवैध बताकर कार्रवाई किस आधार पर की? वहीं, यदि उसके परिवहन और भंडारण से जुड़े दस्तावेजों में अनियमितता थी, तो आबकारी विभाग के ऑनलाइन सिस्टम में उसकी वैधता कैसे दर्ज हुई? उन्होंने कहा कि यह मामला केवल दो विभागों के बीच दावों के अंतर का नहीं, बल्कि प्रशासनिक निगरानी और जवाबदेही से भी जुड़ा है। उन्होंने सवाल उठाया कि करीब 96 लाख रुपए की शराब की इतनी बड़ी खेप भोपाल तक कैसे पहुंची और उसके परिवहन व भंडारण की जांच किस स्तर पर की गई? क्या इस दौरान किसी स्तर पर लापरवाही हुई या नियमों का पालन नहीं किया गया? इन सभी पहलुओं की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
पीसीसी चीफ पटवारी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से मामले में हस्तक्षेप कर पुलिस और आबकारी विभाग के दावों की जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को दोनों विभागों से तथ्यात्मक जानकारी लेकर यह स्पष्ट करना चाहिए कि शराब की वैधता की स्थिति क्या थी और कार्रवाई किन आधारों पर की गई।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने मामले से जुड़े दस्तावेज सार्वजनिक करने, शराब के परिवहन और भंडारण की प्रक्रिया की जांच कराने तथा यदि कोई अनियमितता सामने आती है तो जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने कहा कि सरकार को पूरे मामले की वास्तविक स्थिति जनता के सामने रखनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि शराब वैध थी या अवैध और यदि नियमों का उल्लंघन हुआ है तो इसके लिए जिम्मेदार कौन है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे