भोपाल-इंदौर हाईवे पर निर्माणाधीन ब्रिज के पिलर से टकराई कार, कारोबारी की मौत, दोस्त गंभीर
भोपाल, 22 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भोपाल-इंदौर हाईवे पर रविवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा खजूरी जोड़ के पास निर्माणाधीन ब्रिज के पिलर से कार टकराने के कारण हुआ।
पुलिस के मुताबिक, मृतक गौरव सिंह भोपाल के अवधपुरी इलाके के निवासी थे और एक टूर्स एंड ट्रेवल्स कंपनी का संचालन करते थे। रविवार सुबह करीब 3 बजे उन्हें अपने फूफा के निधन की सूचना मिली, जिसके बाद वे अपने दोस्त लकी के साथ कार से इंदौर के लिए रवाना हुए थे।
रविवार तड़के करीब 3:45 बजे भौरी जोड़ के पास, जहां सड़क निर्माण के चलते मार्ग वन-वे किया गया है, गौरव की कार सामने से आ रहे वाहन को क्रॉसिंग देने के प्रयास में अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन पुल के पिलर से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गौरव की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल लकी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां हमीदिया अस्पताल में उसका इलाज जारी है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
गौरव ने करीब चार साल पहले लव-अरेंज मैरिज की थी। उनकी कोई संतान नहीं है। उन्होंने अपने दम पर टूर्स एंड ट्रेवल्स का व्यवसाय खड़ा किया था। अचानक हुई इस दुर्घटना ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
जांच में जुटी पुलिस
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों को कार से निकालकर अस्पताल भिजवाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद गौरव को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और हादसे के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे