भोपाल: 167 वें आयकर दिवस पर गरिमामय आयोजन, ईमानदार कर अनुपालन को बताया राष्ट्र निर्माण की नींव

 


भोपाल, 24 जुलाई (हि.स.)। आयकर विभाग द्वारा 167वें आयकर दिवस का गरिमामय आयोजन शुक्रवार को राजधानी भाेपाल के अरेरा हिल्स स्थित आयकर भवन में किया गया। कार्यक्रम में प्रधान मुख्य आयकर आयुक्त (मध्य प्रदेश एवं छत्तीसगढ़) मोना मोहन्ती, आयकर महानिदेशक (अन्वेषण) भोपाल बिजॉय कुमार पण्डा सहित विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं केंद्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड (सीबीडीटी) के अध्यक्ष रवि अग्रवाल के वीडियो संदेश के वाचन के साथ हुआ। इसके बाद मोना मोहन्ती ने अपने संबोधन में कहा कि टैक्स देना केवल एक कानूनी जिम्मेदारी नहीं, बल्कि राष्ट्र के विकास में हमारा योगदान है। एक जागरूक और ईमानदार करदाता ही मजबूत अर्थव्यवस्था और विकसित भारत की नींव रखता है। इस अवसर पर आयकर आयुक्त (प्रशासन) राम कुमार यादव ने विभाग की बीते वर्ष की प्रमुख उपलब्धियों और उल्लेखनीय कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विभाग द्वारा करदाताओं को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने और कर जागरूकता बढ़ाने के लिए किए जा रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में आयकर विभाग में पदस्थ खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया गया। कयाकिंग सलालाम प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली सुश्री शिखा चौहान तथा शूटिंग इवेंट में उपलब्धियां हासिल करने वाले शिवराज शान्खला को विभिन्न अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर विभाग एवं देश का गौरव बढ़ाने के लिए सम्मानित किया गया।

आयकर दिवस के अवसर पर पीएम श्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-1, भोपाल में आयोजित पोस्टर निर्माण एवं भाषण (एलोक्यूशन) प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इसके साथ ही प्रतियोगिताओं और वृक्षारोपण कार्यक्रम के सफल आयोजन में सहयोग के लिए विद्यालय को स्मृति चिन्ह भेंट किया गया। कार्यक्रम का समापन सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ हुआ। इस दौरान वक्ताओं ने राष्ट्र निर्माण में आयकर विभाग की भूमिका, ईमानदार कर अनुपालन और कर जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को 167वें आयकर दिवस की शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे