भोपाल के गोविंदपुरा विधानसभा में ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान शुरू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद

 


भोपाल, 25 सितंबर (हि.स.)। भाजपा महिला मोर्चा की राष्ट्रीय अध्यक्ष रूप कुमारी चौधरी, प्रदेश सरकार की मंत्री कृष्णा गौर और महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे ने शुक्रवार को गोविंदपुरा विधानसभा क्षेत्र के बागसेवनिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 735, अमराई में ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान का शुभारंभ किया। सेवा संकल्प अभियान के तहत आयोजित कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ संवाद किया गया और उनके सेवा कार्यों को सम्मान देने पर जोर दिया गया।

इस अवसर पर रूप कुमारी चौधरी ने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ अभियान के नाम में ही इसकी भावना निहित है। इसमें आंगन, मिलन और सेवा का समन्वय है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र बच्चों के विकास, पोषण और संस्कार से जुड़े महत्वपूर्ण केंद्र हैं और यहां काम करने वाली कार्यकर्ता बच्चों व परिवारों के बीच लगातार सेवा का कार्य कर रही हैं।

उन्होंने कहा कि महिलाओं की सामाजिक भागीदारी बढ़ने से समाज में उनकी भूमिका भी मजबूत हुई है। अभियान के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के साथ आत्मीय संवाद स्थापित करने और उनके योगदान को सम्मान देने का प्रयास किया जा रहा है। चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के राष्ट्रसेवा और समर्पण भाव को समर्पित ‘आशीर्वाद का दीप’ कार्यक्रम का भी उल्लेख किया।

बच्चों को शिक्षा, पोषण के साथ ममता का भाव : मंत्री कृष्णा गौर

प्रदेश सरकार की मंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि 25 सितंबर से 5 अक्टूबर तक चलने वाले ‘आंगन मिलन सेवा अभियान’ के माध्यम से आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सेवा और समर्पण को सम्मान दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को शिक्षा, पोषण और देखभाल के साथ ममता का भाव भी मिलता है। मंत्री गौर ने आंगनबाड़ी केंद्र में बच्चों से बातचीत कर उनकी गतिविधियों की जानकारी ली। उन्होंने परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ता बच्चों और उनके परिवारों के बीच महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं तथा उनके योगदान को सम्मान देना जरूरी है।

महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से मजबूत हो रहा समाज : अश्विनी परांजपे

महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे ने कहा कि महिलाओं की भागीदारी आज शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार, राजनीति और सामाजिक सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें समान अवसर उपलब्ध कराने के लिए केंद्र व राज्य सरकार की ओर से विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि ‘आंगन मिलन सेवा’ जैसे कार्यक्रम महिलाओं के योगदान को पहचान देने और समाज में सेवा व संवेदनशीलता की भावना को मजबूत करने का माध्यम हैं।

कार्यक्रम में प्रदेश सरकार की मंत्री प्रतिमा बागरी, महिला मोर्चा की महामंत्री ज्योति सिंह, सपना वर्मा, मोना सुस्तानी, प्रज्ञा त्रिपाठी, मोनिका ठाकुर, शीला पाटीदार सहित महिला मोर्चा के पदाधिकारी, कार्यकर्ता और स्थानीय रहवासी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे