भोपाल के रवींद्र भवन में गोवर्धन पूजन का प्रदेशव्यापी आयोजन 9 नवंबर को, मुख्य समारोह में शामिल होंगे मुख्यमंत्री डॉ. यादव
-गौशालाओं में संरक्षित 5.51 लाख निराश्रित गोवंश के भरण-पोषण के लिए 60 करोड़ रुपये से अधिक राशि का होगा अंतरण
भोपाल, 06 नवंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश शासन के संस्कृति विभाग एवं पशुपालन तथा डेयरी विभाग के सहयोग से 9 नवंबर को प्रदेशव्यापी गोवर्धन पर्व का आयोजन किया जाएगा। प्रदेश की तीन हजार से अधिक गौशालाओं में गोवर्धन पूजन के साथ गोवंश के संरक्षण-संवर्धन और पशुपालकों के सम्मान से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित होंगे।
मुख्य राज्य स्तरीय गोवर्धन पूजन एवं पशुपालक सम्मान समारोह भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित होगा। संस्कृति विभाग के अधीन श्रीकृष्ण पाथेय न्यास एवं पशुपालन तथा डेयरी विभाग द्वारा आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ‘गोपाल-कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना’ के विजयी पशुपालकों को पुरस्कार राशि का अंतरण करेंगे। साथ ही प्रदेश की तीन हजार से अधिक पंजीकृत गौशालाओं में संरक्षित 5 लाख 51 हजार निराश्रित गोवंश के भरण-पोषण के लिए 60 करोड़ रुपये से अधिक राशि का अंतरण किया जाएगा।
श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीराम तिवारी ने शुक्रवार काे कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार गोवंश के संरक्षण, संवर्धन एवं कल्याण के लिए निरंतर प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। गौशालाओं को प्रति गोवंश प्रतिदिन 40 रुपये अनुदान, गौशालाओं के सुदृढ़ीकरण, निराश्रित गोवंश के समुचित व्यवस्थापन तथा पशुपालकों को प्रोत्साहित करने जैसे महत्वपूर्ण निर्णय इस दिशा में सरकार की संवेदनशीलता और दूरदर्शी सोच को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि गोवर्धन पर्व भारतीय संस्कृति में प्रकृति और गोवंश के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का प्रतीक है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव की पहल पर प्रदेशभर में आयोजित यह पर्व गौसेवा, पशुपालक सम्मान और गोवंश संरक्षण के संकल्प को जन-जन तक पहुँचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा। सरकार के प्रयासों के साथ समाज की सहभागिता से गोवंश संरक्षण की परंपरा और अधिक सशक्त होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे