भोपाल में तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने घर के बाहर टहल रहे साइट सुपरवाइजर को मारी टक्कर, ईलाज के दौरान मौत, चालक फरार

 


भोपाल, 09 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के पिपलानी इलाके में तेज रफ्तार ई-रिक्शा की टक्कर से एक साइट सुपरवाइजर की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा शुक्रवार देर रात उस समय हुआ, जब वे खाना खाने के बाद घर के बाहर टहल रहे थे। टक्कर मारने के बाद आरोपी चालक ई-रिक्शा मौके पर छोड़कर फरार हो गया। ईलाज के दाैरान शनिवार सुबह सुपरवाइजर की माैत हाे गई। पिपलानी पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।

पुलिस के मुताबिक 48 वर्षीय हटे सिंह जादव पुत्र काशीनाथ जादव शो क्वार्टर बी-सेक्टर पिपलानी के निवासी थे। वे एक ठेकेदार के साथ साइट सुपरवाइजर के रूप में कार्यरत थे। शुक्रवार देर रात भोजन के बाद घर के बाहर टहल रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे ई-रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने गंभीर हालत में उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान शनिवार सुबह उनकी मौत हो गई। दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

मां को छोड़कर भागा चालक

मृतक के भाई भाव सिंह जादव ने बताया कि हादसे के समय ई-रिक्शा में आरोपी चालक की मां भी सवार थी। टक्कर के बाद चालक अपनी मां और वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। परिजनों के अनुसार, आरोपी की मां ने बताया कि ई-रिक्शा के ब्रेक सही तरीके से काम नहीं कर रहे थे, जिसकी वजह से हादसा हुआ। हालांकि पुलिस तकनीकी और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। पिपलानी थाना पुलिस का कहना है कि आरोपी चालक की तलाश जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे