भोपाल जिला कोर्ट में मारपीट, पूर्व सांसद के बेटे पर साले का हमला, जज के सामने ही दी धमकी
भोपाल, 24 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के जिला कोर्ट परिसर में मंगलवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब पूर्व भाजपा सांसद आलोक संजर के बेटे और वकील अनंत संजर पर उनके साले ने हमला कर दिया। घटना कोर्ट परिसर में जज के सामने हुई, जिससे सुरक्षा व्यवस्था और न्यायालय की गरिमा को लेकर सवाल उठने लगे हैं।
जानकारी के अनुसार, अनंत संजर अपनी पत्नी के साथ पारिवारिक विवाद के मामले में काउंसलिंग के लिए कोर्ट पहुंचे थे। इसी दौरान उनके साले विद्युत भटनागर वहां पहुंच गए और अभद्र व्यवहार करते हुए गाली-गलौज और धमकी देने लगे। आरोप है कि उन्होंने कहा—“तेरी वकालत बंद करा दूंगा, तुझे बाहर देख लूंगा।”
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्थिति जल्द ही हाथापाई में बदल गई। आरोपी ने अनंत संजर को थप्पड़ मारे, उनके कपड़े खींचे और झूमाझटकी के दौरान उनकी शर्ट के बटन टूट गए। इस दौरान उनके चेहरे आंख के पास नाखून लगने से चोट आई और खून बहने लगा। बताया जा रहा है कि जज के सामने भी आरोपी का व्यवहार आक्रामक बना रहा। कोर्ट रूम से बाहर निकलते ही विवाद बढ़ गया और मारपीट की घटना हो गई, जिससे वहां अफरा-तफरी मच गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल बुलाना पड़ा।
घटना के बाद अनंत संजर ने एमपी नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि पारिवारिक विवाद पहले से चल रहा है और आरोपी पक्ष की ओर से दहेज प्रताड़ना (धारा 498ए) सहित अन्य मामले भी दर्ज हैं। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद एहतियातन कोर्ट परिसर में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं, पूर्व सांसद आलोक संजर ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे किसी प्रकार का विवाद नहीं चाहते, लेकिन कानून को अपना काम करना चाहिए।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे