भोपाल में कांग्रेस का कलेक्ट्रेट घेराव, किसानों की समस्याओं को लेकर सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन

 


भोपाल, 09 अप्रैल (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में जिला कांग्रेस कमेटी भोपाल शहर के अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना और ग्रामीण जिला अध्यक्ष अनोखी मानसिंह पटेल के नेतृत्व में गुरुवार काे किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर भोपाल कलेक्ट्रेट कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया गया। इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसान साथियों ने हिस्सा लिया।

प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार की किसान विरोधी नीतियों के कारण अन्नदाता गंभीर संकट से गुजर रहा है। खासतौर पर गेहूं खरीदी को लेकर लगातार लापरवाही बरती जा रही है। खरीदी की तारीखें बार-बार बदली जा रही हैं।पहले 23 मार्च, फिर 1 अप्रैल, 10 अप्रैल और अब आगे बढ़ाई जा रही हैं। नेताओं ने इसे “तारीख पर तारीख” का खेल बताते हुए किसानों के साथ अन्याय करार दिया।

उन्होंने कहा कि खरीदी केंद्र समय पर शुरू नहीं हो रहे हैं, जिससे किसान अपनी उपज लेकर भटकने को मजबूर हैं। वहीं दूसरी ओर सरकार द्वारा सहकारी संस्थाओं के माध्यम से ऋण वसूली की अंतिम तिथि 31 मार्च तय की गई थी, लेकिन खरीदी में देरी के चलते हजारों किसान डिफॉल्टर घोषित हो गए हैं।

कांग्रेस नेताओं ने सवाल उठाया कि जब तक किसानों की फसल की खरीदी नहीं होगी और उन्हें भुगतान नहीं मिलेगा, तब तक वे अपना कर्ज कैसे चुका पाएंगे। यह स्थिति सरकार की नीतियों की विफलता को उजागर करती है।

उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि मजबूरी में किसान अपनी उपज औने-पौने दामों पर बेच रहे हैं, जहां उन्हें मात्र 2000 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल तक कीमत मिल रही है। जबकि पड़ोसी राज्य राजस्थान में 16 मार्च से गेहूं खरीदी सुचारू रूप से चल रही है, जो प्रदेश सरकार की उदासीनता को दर्शाता है।

प्रदर्शन के बाद कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने कलेक्टर को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपकर गेहूं खरीदी तत्काल शुरू करने, किसानों को उचित समर्थन मूल्य दिलाने, समय पर भुगतान सुनिश्चित करने और ऋण वसूली पर रोक लगाने की मांग की।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष अवनीश भार्गव, वरिष्ठ नेता अरुण श्रीवास्तव, नरेश ज्ञानचंदानी, अभिषेक शर्मा, किसान कांग्रेस शहर अध्यक्ष राघवेंद्र मीना, ग्रामीण अध्यक्ष राम भाई मेहर सहित विभिन्न मोर्चा संगठनों के पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि पार्टी हमेशा से किसानों के हक और सम्मान के लिए संघर्ष करती रही है और आगे भी किसानों के हितों की रक्षा के लिए यह लड़ाई लगातार जारी रहेगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे