भोपाल से मुख्य चुनाव आयुक्त के रवाना होने के 10 घंटे बाद कांग्रेस ने जलाया पुतला, पीसीसी के सामने प्रदर्शन

 


भोपाल, 25 नवंबर (हि.स.)। मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के भोपाल से दिल्ली रवाना होने के करीब 10 घंटे बाद बुधवार शाम कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (पीसीसी) के सामने विरोध प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने ज्ञानेश कुमार का पुतला जलाकर चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली और निष्पक्षता पर सवाल उठाए। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त भोपाल से रवाना हो चुके थे।

जानकारी के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पिछले दो दिनों से अपने भांजे की शादी में शामिल होने के लिए भोपाल में थे। बुधवार सुबह करीब 8:30 बजे वे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। उनके रवाना होने के करीब 10 घंटे बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पीसीसी के सामने प्रदर्शन किया। शाम करीब 4:15 बजे कांग्रेस खेमे में प्रदर्शन की तैयारी शुरू हुई। कार्यकर्ताओं को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय पहुंचने का संदेश दिया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के भी पीसीसी पहुंचने की सूचना दी गई। इसके बाद करीब दो दर्जन कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने एकत्र हुए और पुतला जलाकर विरोध जताया।

कांग्रेस मीडिया प्रभारी बोले- जानकारी देर से मिली

कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक ने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भोपाल आए और अपने निजी कार्यक्रम में शामिल होकर लौट गए। जबकि चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली, मतदाता सूची में गड़बड़ियों और विभिन्न राज्यों से सामने आ रही शिकायतों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने कहा कि मुख्य चुनाव आयुक्त के प्रदेश दौरे के दौरान राजनीतिक दलों और प्रभावित लोगों से संवाद कर उनकी शिकायतें सुनने तथा कार्रवाई करने की अपेक्षा थी। केवल निजी कार्यक्रम में शामिल होकर लौटना लोकतांत्रिक अपेक्षाओं के अनुरूप नहीं है।

प्रदर्शन में देरी के सवाल पर मुकेश नायक ने कहा कि उन्हें ज्ञानेश कुमार के भोपाल से रवाना होने की जानकारी देर से मिली। कांग्रेस कार्यकर्ता उनके ठहरने के स्थान पर प्रदर्शन करने जा रहे थे, लेकिन जानकारी मिलने तक वे वहां से जा चुके थे। इसके बाद पीसीसी के सामने विरोध प्रदर्शन किया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे