भोपाल: सड़क हादसे में कैट स्टूडेंट की मौत, भदभदा पुल के पास अज्ञात वाहन ने टक्कर मारी
भोपाल, 1 दिसंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के कमल नगर थाना क्षेत्र में साेमवार तड़के एक छात्र की सड़क हादसे में माैत हाे गई। युवक अपने दोस्त को छोड़कर घर लौट रहा था, तभी भदभदा पुल पर अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार घटना साेमवार तड़के करीब 3 बजे की है। मृतक योगेश पाल उर्फ राजा बागसेवनिया का रहने वाला था। उसने पिछले वर्ष बीकॉम की पढ़ाई पूरी की थी। रविवार दोपहर उसने कैट परीक्षा दी थी। योगेश कैट क्लियर कर किसी अच्छे कॉलेज से एमबीए करना चाहता था। बीते साल वह परीक्षा पास नहीं कर सका था, इसलिए इस बार दोबारा प्रयास किया था। रविवार रात उसके रातीबड़ इलाके में रहने वाले दोस्त ने उससे मुलाकात की। दोनों देर रात तक चर्चा करते रहे। इसके बाद योगेश बाइक से दोस्त को छोड़ने रातीबड़ गया। दोस्त को छोड़कर घर लौट रहा था, तभी भदभदा पुल पर अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मार दी। हादसे में युवक की माैके पर ही माैत हाे गई। हादसा इतना भीषण था कि वाहन का पहिया योगेश के सिर से गुजर गया, जिससे उसके चेहरे और सिर का ऊपरी हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दोनों आंखें भी पूरी तरह डैमेज हो गईं। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव काे बरामद कर पाेस्टमार्टम के लिए भेजा। सोमवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। आरोपी वाहन चालक का पता लगाने के लिए पुलिस घटनास्थल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे