भोपाल: बरकतउल्ला विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. एस.के. जैन का इस्तीफा मंजूर, प्रो. विवेक शर्मा को मिला प्रभार

 


भोपाल, 19 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल स्थित बरकतउल्ला विश्वविद्यालय (बीयू) के कुलगुरु प्रो. एस.के. जैन का त्यागपत्र तत्काल प्रभाव से स्वीकार कर लिया गया है। इस संबंध में लोक भवन से शुक्रवार को आदेश जारी किए गए। त्यागपत्र स्वीकृत होने के साथ ही विश्वविद्यालय प्रशासन में नेतृत्व परिवर्तन की प्रक्रिया शुरू हो गई है।

जनसंपर्क अधिकारी अजय वर्मा ने शुक्रवार काे जानकारी देते हुए बताया कि राज्यपाल एवं विश्वविद्यालय के कुलाधिपति मंगुभाई पटेल ने मध्यप्रदेश विश्वविद्यालय अधिनियम, 1973 की धारा 14 की उपधारा (6) के तहत प्राप्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए प्रो. जैन द्वारा 18 जून 2026 को प्रस्तुत त्यागपत्र को मंजूरी प्रदान की। आदेश के अनुसार त्यागपत्र तत्काल प्रभाव से प्रभावी माना जाएगा।

प्रो. विवेक शर्मा को सौंपी गई जिम्मेदारी

राज्यपाल द्वारा जारी आदेश में कहा गया है कि विश्वविद्यालय में नियमित कुलगुरु की नियुक्ति होने तक प्रबंध संकाय के संकायाध्यक्ष प्रो. विवेक शर्मा कुलगुरु का कार्यभार संभालेंगे। उन्हें अंतरिम व्यवस्था के तहत विश्वविद्यालय के प्रशासनिक और शैक्षणिक कार्यों के संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रो. शर्मा नए कुलगुरु की नियुक्ति तक विश्वविद्यालय के दैनिक कार्यों, प्रशासनिक निर्णयों और शैक्षणिक गतिविधियों का संचालन करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे