भोपाल में बम धमकी का ई-मेल फर्जी निकला, कमिश्नर कार्यालय में मचा हड़कंप, सघन तलाशी के बाद कुछ नहीं मिला
भोपाल, 23 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में संभागीय कमिश्नर कार्यालय को बम से उड़ाने की धमकी देने वाला ई-मेल आखिरकार फर्जी निकला। सोमवार को मिले इस धमकी भरे मेल से प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया था, जिसके बाद पूरे कार्यालय परिसर को एहतियातन खाली कराकर सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
ई-मेल में दावा किया गया था कि कार्यालय परिसर में 15 छोटे-छोटे आरडीएक्स बम लगाए गए हैं, जो दोपहर 1:15 बजे तक धमाका कर सकते हैं। इसके साथ ही मेल में सभी कर्मचारियों को समय रहते बाहर निकालने की चेतावनी दी गई थी। धमकी मिलने की सूचना पर कोहेफिजा थाना पुलिस, बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड तत्काल मौके पर पहुंचे। टीमों ने कार्यालय के चप्पे-चप्पे की जांच की, लेकिन कहीं भी कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। इसके बाद यह स्पष्ट हो गया कि धमकी महज अफवाह थी।
चौंकाने वाली बात यह रही कि इस ई-मेल में तमिलनाडु के मंत्री सेंथिल बालाजी पर से सीबीआई केस हटाने की मांग का भी जिक्र किया गया था। साथ ही एक तेलुगु फिल्म “राजू वेड्स राम बाई” की तारीफ भी की गई, जिससे ई-मेल की मंशा और भी संदिग्ध नजर आई। पुलिस के अनुसार, यह ई-मेल तेलुगु भाषा में भेजा गया था और अब उसकी तकनीकी जांच की जा रही है। आईपी एड्रेस के आधार पर भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
गौरतलब है कि मध्य प्रदेश में हाल के दिनों में इस तरह के धमकी भरे ई-मेल लगातार सामने आ रहे हैं। इससे पहले भोपाल के नापतौल विभाग, एम्स, पीपुल्स यूनिवर्सिटी, अटल बिहारी हिंदी विश्वविद्यालय, साथ ही सतना, मैहर और बड़वानी की जिला अदालतों को भी इसी तरह की धमकियां मिल चुकी हैं। यहां तक कि भोपाल और इंदौर एयरपोर्ट को भी निशाना बनाया जा चुका है। लगातार मिल रही इन धमकियों ने पुलिस के सामने नई चुनौती खड़ी कर दी है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं और ऐसे मामलों को गंभीरता से लेते हुए हर स्तर पर जांच कर रही हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे