भोपाल में लापता युवक का शव छोटे तालाब में मिला, भाई ने प्रेम प्रसंग काे बताया कारण, पुलिस जांच में जुटी

 


भोपाल, 10 सितंबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल के अशोका गार्डन थाना क्षेत्र से लापता युवक का शव गुरुवार सुबह छोटे तालाब में मिला। युवक सुभाष कॉलोनी, सेमरा निवासी था और फेब्रिकेशन का काम करता था। परिजनों ने 9 सितंबर को अशोका गार्डन थाने में उसकी गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

पुलिस के मुताबिक 22 वर्षीय विकास रघुवंशी 8 सितंबर की रात बिना बताए घर से निकला था। इसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिजनों ने आसपास और परिचितों के बीच उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिलने पर अगले दिन पुलिस को सूचना दी गई। गुरुवार सुबह तलैया थाना पुलिस को छोटे तालाब में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकलवाया। पहचान के बाद शव विकास रघुवंशी का होने की पुष्टि हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

भाई ने प्रेम प्रसंग से जोड़ा मामला

विकास के भाई अरुण रघुवंशी ने बताया कि उसका एक युवती से प्रेम प्रसंग था। भाई के अनुसार, प्रेम संबंध में धोखा मिलने के बाद विकास मानसिक रूप से परेशान चल रहा था। परिजनों ने आशंका जताई है कि इसी वजह से उसने यह कदम उठाया हो सकता है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत की वजह को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला है। तलैया थाना पुलिस के अनुसार मामले की जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। युवक के घर से निकलने के बाद उसकी गतिविधियों और संपर्क में रहे लोगों के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस युवक के मोबाइल फोन, कॉल डिटेल और उसके संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटा रही है। जांच के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

तीन भाई-बहनों में सबसे छोटा था

परिजनों के मुताबिक विकास दो भाई और एक बहन में सबसे छोटा था। वह फेब्रिकेशन का काम कर परिवार की मदद करता था। उसकी अचानक मौत से परिवार में मातम पसरा हुआ है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे