भोपाल: बैरसिया में 5 मई को जनसुनवाई करेंगे कलेक्टर, सभी अधिकारियों की मौजूदगी अनिवार्य
भोपाल, 30 अप्रैल (हि.स.)। राजधानी भोपाल के बैरसिया में 5 मई 2026 को जिला स्तरीय जनसुनवाई का आयोजन किया जाएगा। यह जनसुनवाई सुबह 10 बजे से तहसील कार्यालय में शुरू होगी, जिसमें कलेक्टर प्रियंक मिश्रा स्वयं उपस्थित रहकर आमजन की समस्याएं सुनेंगे और मौके पर समाधान करने का प्रयास करेंगे।
बताया गया है कि पिछली दो जनसुनवाई में बैरसिया क्षेत्र से बड़ी संख्या में शिकायतें सामने आई थीं। इसी को देखते हुए कलेक्टर ने यह निर्णय लिया, ताकि स्थानीय लोगों को 40–45 किलोमीटर दूर भोपाल आने की परेशानी से राहत मिल सके।
जनसंपर्क अधिकारी अरुण शर्मा ने गुरुवार को बताया कि जारी निर्देशों के अनुसार, सभी जिला अधिकारियों को जनसुनवाई में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहने के लिए कहा गया है। साथ ही उन्हें बैरसिया क्षेत्र से जुड़ी लंबित शिकायतों की अद्यतन जानकारी के साथ आने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि मौके पर ही समस्याओं का त्वरित और प्रभावी निराकरण किया जा सके।
उन्होंने बताया कि प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि कलेक्टर कार्यालय में हर मंगलवार को होने वाली नियमित जनसुनवाई पहले की तरह जारी रहेगी। इसके अलावा नगर निगम भोपाल, खाद्य विभाग, एमपीईबी और जिला शिक्षा अधिकारी को अपने अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / उम्मेद सिंह रावत