भोपाल में बड़ा तालाब से टीटी नगर तक गूंजा योग का संदेश, हजारों युवाओं ने लिया फिट इंडिया का संकल्प
भोपाल, 20 जून (हि.स.)। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के एक दिन पूर्व शनिवार सुबह राजधानी भोपाल पूरी तरह योगमय नजर आई। बड़ा तालाब के बोट क्लब से लेकर टीटी नगर स्टेडियम तक आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में हजारों युवाओं, खिलाड़ियों और नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर स्वस्थ एवं संतुलित जीवन का संदेश दिया। योग के प्रति युवाओं की बढ़ती जागरूकता और भागीदारी ने कार्यक्रम को विशेष बना दिया।
टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित मुख्य कार्यक्रम में केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और प्रदेश के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास सारंग ने हजारों प्रतिभागियों के साथ सामूहिक योगाभ्यास किया। सुबह से ही स्टेडियम में युवाओं, खिलाड़ियों और आम नागरिकों का उत्साह देखने को मिला। योग सत्र के दौरान पूरा परिसर अनुशासन, सकारात्मक ऊर्जा और उत्साह से सराबोर दिखाई दिया।
इस अवसर पर केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ, संतुलित और सकारात्मक जीवनशैली का आधार है। नियमित योग से शरीर स्वस्थ रहने के साथ मानसिक शांति और आत्मिक संतुलन भी प्राप्त होता है। उन्होंने युवाओं से योग को अपनी दैनिक दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की।
बड़ा तालाब किनारे योग का अनूठा संगम
मुख्य कार्यक्रम के बाद मंत्री विश्वास सारंग बड़ा तालाब स्थित बोट क्लब में आयोजित योग सत्र में भी शामिल हुए। प्राकृतिक वातावरण और झील के मनमोहक दृश्य के बीच हजारों युवाओं ने सामूहिक योगाभ्यास कर फिट एवं स्वस्थ रहने का संकल्प लिया। तालाब किनारे योग करते युवाओं का दृश्य आकर्षण का केंद्र रहा और पूरे क्षेत्र में स्वास्थ्य एवं जागरूकता का संदेश गूंजता रहा।
योग को मिली वैश्विक पहचान
मंत्री विश्वास सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से भारत की प्राचीन योग परंपरा को वैश्विक पहचान मिली है। आज दुनिया के 190 से अधिक देशों में योग को अपनाया जा रहा है और अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर करोड़ों लोग सामूहिक रूप से योगाभ्यास करते हैं। यह भारतीय संस्कृति और ज्ञान परंपरा की वैश्विक स्वीकार्यता का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि योग स्वस्थ शरीर, शांत मन और सशक्त व्यक्तित्व के निर्माण का सबसे प्रभावी माध्यम है। यह केवल रोगों से बचाव का साधन नहीं, बल्कि बेहतर जीवन जीने की कला भी सिखाता है।
युवाओं ने दिया फिट इंडिया का संदेश
कार्यक्रमों में युवाओं की उल्लेखनीय भागीदारी ने यह साबित किया कि नई पीढ़ी स्वास्थ्य, फिटनेस और मानसिक संतुलन के प्रति पहले से अधिक सजग हुई है। सामूहिक योगाभ्यास के माध्यम से युवाओं ने स्वस्थ भारत और फिट इंडिया के संकल्प को मजबूत करने का संदेश दिया। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित इन कार्यक्रमों ने राजधानी को योगमय वातावरण में रंग दिया और स्वस्थ, जागरूक तथा सशक्त समाज के निर्माण की दिशा में नई ऊर्जा का संचार किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे