भोपाल एम्स में भर्ती रेबीज मरीज ने खिड़की से लगाई छलांग, इलाज के दौरान मौत

 




आवारा कुत्ते के काटने के बाद नहीं लगवाया था टीका

भोपाल, 02 मई (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल में एक रेबीज से पीड़ित मरीज ने खिड़की से छलांग लगाकर जान दे दी। घटना शुक्रवार देर रात की है। गंभीर रूप से घायल मरीज की इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

बागसेवनिया थाना पुलिस के अनुसार, मृतक कमल सिंह (24) विदिशा जिले के इकोदिया गांव का निवासी था। 5 मार्च को उसे गांव में एक आवारा कुत्ते ने काट लिया था। हाथ में हल्की चोट आने के बावजूद उसने न तो डॉक्टर से इलाज कराया और न ही एंटी-रेबीज टीका लगवाया। कुछ दिनों बाद उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। स्थानीय अस्पताल में जांच के दौरान डॉक्टरों ने बताया कि समय पर टीका नहीं लगने से संक्रमण फैल गया है और उसे रेबीज हो गया है। रेबीज होने के कारण वह अजीब हरकतें करता, भोंकता और लार गिरा रहा था।

एम्स में आईसोलेशन वार्ड में रखा गया

गंभीर हालत होने पर परिजनों ने 30 अप्रैल को उसे एम्स भोपाल में भर्ती कराया, जहां उसे मेडिकल वार्ड के आईसोलेशन में रखा गया था। शुक्रवार देर रात मरीज वार्ड स्टाफ की नजर बचाकर खिड़की तक पहुंच गया और पहली मंजिल से छलांग लगा दी। नीचे गिरने से उसके दोनों हाथ और पैर बुरी तरह टूट गए। उसे तुरंत इलाज दिया गया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है, साथ ही अस्पताल प्रबंधन से भी जानकारी ली जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे