भोपाल में अवैध कॉलोनियों पर प्रशासन का बड़ा प्रहार, 82 करोड़ की जमीन पर चली जेसीबी

 


एक साथ 6 अवैध कॉलोनियों पर कार्रवाई, बाउंड्रीवॉल, गेट और सड़कों को किया ध्वस्त

भोपाल, 20 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ प्रशासन ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ छह अवैध कॉलोनियों पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान कॉलोनियों में बनाई गई बाउंड्रीवॉल, प्रवेश द्वार, सड़कें और अन्य निर्माण ध्वस्त कर दिए गए। जिन जमीनों पर ये कॉलोनियां विकसित की जा रही थीं, उनका अनुमानित बाजार मूल्य करीब 82 करोड़ रुपए बताया गया है।

हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया के नेतृत्व में राजस्व और प्रशासनिक अमले ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में यह कार्रवाई की। प्रशासन की इस सख्त कार्रवाई से अवैध कॉलोनियां विकसित करने वाले कॉलोनाइजरों और भू-माफियाओं में हड़कंप की स्थिति देखी गई।

कोलूखेड़ी में सबसे बड़ी कार्रवाई

प्रशासन ने कोलूखेड़ी क्षेत्र में विकसित की जा रही रिद्धि-सिद्धि कॉलोनी और सपना कॉलोनी पर कार्रवाई की। यहां राजेश सिंघानिया द्वारा खसरा नंबर 128 की लगभग 1.846 हेक्टेयर भूमि पर बिना वैधानिक अनुमति के कॉलोनी विकसित की जा रही थी। प्रशासन के अनुसार इस भूमि का बाजार मूल्य करीब 13 करोड़ रुपए है। कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में किए गए विकास कार्यों को जेसीबी मशीनों की मदद से हटाया गया।

इन कॉलोनियों पर भी चला बुलडोजर

प्रशासन ने ग्राम बरखेड़ी बज्याफत स्थित भूपति परिसर और राधा परिसर नामक अवैध कॉलोनियों में भी कार्रवाई करते हुए सड़कों एवं अन्य निर्माणों को हटाया। इसके अलावा ग्राम सेमरी बज्याफत स्थित विंध्य रेनबो फार्म्स तथा ग्राम जमोनिया छीर स्थित श्रद्धा कॉलोनी पर भी बुलडोजर चलाया गया। सभी स्थानों पर बिना अनुमति किए गए विकास कार्यों को हटाते हुए कॉलोनियों के स्वरूप को समाप्त किया गया।

अवैध कॉलोनियों के खिलाफ अभियान रहेगा जारी

हुजूर एसडीएम विनोद सोनकिया ने बताया कि राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों को चिन्हित कर उनके खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। हाल के दिनों में भी कई स्थानों पर कार्रवाई की गई थी और अब नई सूची तैयार कर दोबारा अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना वैधानिक अनुमति के कॉलोनियां विकसित करने वालों के खिलाफ प्रशासन की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। ऐसे मामलों में किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी।

भू-माफियाओं को सख्त संदेश

प्रशासन की इस कार्रवाई को अवैध कॉलोनाइजेशन और भू-माफियाओं के खिलाफ सख्त संदेश के रूप में देखा जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि आम नागरिकों को अवैध कॉलोनियों में भूखंड खरीदने से पहले संबंधित विभागों से अनुमति और वैधता की जानकारी अवश्य प्राप्त करनी चाहिए, ताकि भविष्य में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे