भोपाल: एमएलबी गर्ल्स  कॉलेज के पास शराब दुकान हटाने की मांग को लेकर एबीवीपी का प्रदर्शन

 




छात्राओं की सुरक्षा का मुद्दा उठाया, कलेक्टर ने सात दिन में निर्णय का दिया आश्वासन

भोपाल, 23 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में महारानी लक्ष्मीबाई (एमएलबी) गर्ल्स कॉलेज के समीप संचालित शराब दुकान को हटाने की मांग को लेकर अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने मंगलवार को राजधानी के पॉलिटेक्निक चौराहे पर जोरदार प्रदर्शन किया। बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर सड़क पर उतरे तथा छात्राओं की सुरक्षा और शैक्षणिक वातावरण को लेकर प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन के दौरान परिषद कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए कॉलेज के निकट शराब दुकान संचालित होने पर आपत्ति जताई। छात्रों के हाथों में शिक्षा के मंदिर के पास शराब की दुकान नहीं चलेगी और जहां ज्ञान की ज्योति जलती है, वहां शराब की दुकान नहीं चलती जैसे संदेश लिखे पोस्टर दिखाई दिए। कुछ कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़कर भी विरोध जताते नजर आए। स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने व्यापक सुरक्षा व्यवस्था की थी। मौके पर 200 से अधिक पुलिसकर्मी, वरिष्ठ अधिकारी और वॉटर कैनन तैनात किए गए थे। प्रदर्शन के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

छात्राओं की सुरक्षा को लेकर जताई चिंता

एबीवीपी के पदाधिकारियों ने कहा कि एमएलबी गर्ल्स कॉलेज और आसपास के शैक्षणिक संस्थानों के निकट शराब दुकान का संचालन छात्राओं की सुरक्षा और शैक्षणिक माहौल के लिए उचित नहीं है। परिषद का आरोप है कि क्षेत्र में शराबियों और असामाजिक तत्वों की आवाजाही बढ़ने से छात्राओं को असुरक्षा का सामना करना पड़ता है। परिषद के भोपाल महानगर सह मंत्री अमित महावर ने कहा कि छात्राओं की सुरक्षा से जुड़े इस मुद्दे को संगठन लंबे समय से उठा रहा है। कई बार ज्ञापन और निवेदन देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, जिसके चलते विद्यार्थियों को सड़क पर उतरना पड़ा।

कलेक्टर ने सात दिन में निर्णय का दिया भरोसा

प्रदर्शन के दौरान भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा स्वयं मौके पर पहुंचे और छात्र प्रतिनिधियों से चर्चा की। उन्होंने कहा कि शराब दुकान से जुड़े विवाद की जानकारी प्रशासन को पहले से है तथा इस संबंध में 3 जून को संबंधित पक्ष को नोटिस जारी किया गया था। कलेक्टर ने बताया कि मामला न्यायालय के निर्देशानुसार जिला स्तरीय समिति के समक्ष विचाराधीन है। कॉलेज से शराब दुकान की दूरी सहित सभी कानूनी और तकनीकी पहलुओं की जांच की जा रही है। समिति की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने प्रदर्शनकारियों को आश्वस्त किया कि सात दिनों के भीतर मामले में उचित निर्णय लेने का प्रयास किया जाएगा।

सीसीटीवी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग

विद्यार्थियों ने क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने, फ्लाईओवर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने तथा छात्राओं के सुरक्षित आवागमन के लिए आवश्यक सुविधाएं विकसित करने की भी मांग की। उनका कहना था कि कॉलेज और छात्रावास क्षेत्र के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जानी चाहिए।

एबीवीपी ने दी आंदोलन तेज करने की चेतावनी

एबीवीपी के प्रांत संयोजक शिवम जाट ने कहा कि परिषद पिछले एक वर्ष से इस मुद्दे को लगातार उठा रही है। यदि प्रशासन द्वारा तय समय सीमा के भीतर संतोषजनक निर्णय नहीं लिया गया तो संगठन आंदोलन को और व्यापक रूप देगा। कलेक्टर के आश्वासन के बाद विद्यार्थियों ने फिलहाल अपना प्रदर्शन समाप्त कर दिया, लेकिन सात दिन बाद स्थिति की समीक्षा कर आगे की रणनीति तय करने की बात कही।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे