भिंड में स्कॉर्पियो-बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में दो युवकों की मौत, बहन गंभीर, दंदरौआ धाम जा रहे थे तीनों
भिंड, 18 जुलाई (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के लहार नगर बायपास पर शनिवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसा जमुहा तिराहे के पास उस समय हुआ, जब तेज रफ्तार स्कॉर्पियो और बाइक की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान 19 वर्षीय अभिषेक यादव पुत्र राममिलन यादव, निवासी जैतपुरा (थाना असवार) और राज यादव पुत्र महिपाल यादव, निवासी परासनी (थाना नदीगांव, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल 18 वर्षीय प्रिंसी यादव मृतक राज यादव की सगी बहन है। अभिषेक यादव दोनों का मौसेरा भाई था। तीनों एक ही बाइक पर सवार होकर दंदरौआ धाम दर्शन के लिए जा रहे थे, तभी रास्ते में यह हादसा हो गया।
टक्कर इतनी भीषण कि दूर जा गिरे तीनों
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्कॉर्पियो और बाइक की भिड़ंत इतनी जबरदस्त थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों सवार कई फीट दूर सड़क पर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों का आरोप है कि सूचना देने के बावजूद काफी देर तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। ऐसे में राहगीरों और ग्रामीणों ने मानवता का परिचय देते हुए तीनों घायलों को निजी वाहन से लहार सिविल अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अभिषेक यादव और राज यादव को मृत घोषित कर दिया। गंभीर रूप से घायल प्रिंसी यादव के सिर में गंभीर चोट होने के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया।
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक फरार
हादसे के बाद स्कॉर्पियो चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है। दुर्घटना के कारणों की जांच भी की जा रही है।
पुलिस पर लापरवाही के आरोप
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस की कार्यशैली पर सवाल उठाए। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि पुलिस समय पर मौके पर पहुंच गई थी, लेकिन घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने के बजाय कुछ पुलिसकर्मी घटनास्थल के वीडियो बनाने में व्यस्त रहे। लोगों का कहना है कि यदि समय पर घायलों को अस्पताल पहुंचाया जाता तो शायद उनकी जान बचाई जा सकती थी। हालांकि, इस आरोप की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और पुलिस की ओर से इस संबंध में कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
मामले की जांच जारी
लहार थाना पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामला दर्ज कर लिया है। फरार स्कॉर्पियो चालक की तलाश की जा रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच जारी है। इस हादसे से दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे