मप्र के भिंड में पशुशाला में सो रहे युवक की हत्या, हाईवे पर शव रखकर चक्काजाम

 


भिंड, 23 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड जिले के मिहोना थाना क्षेत्र के चांदौख गांव में एक युवक की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है।

युवक गुरुवार रात गांव के पास स्थित पशुशाला में सोने गया था। शुक्रवार सुबह परिजनों को उसका शव चारपाई पर मिला। उसकी गर्दन पर धारदार हथियार से हमले के निशान थे। शुरुआती तौर पर कुल्हाड़ी से हमला किए जाने की आशंका जताई गई है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

मृतक की पहचान विश्व प्रताप सिंह राजावत उर्फ वीपी सिंह (35), निवासी चांदौख के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, वह गुरुवार रात करीब 10 बजे भोजन करने के बाद पशुशाला में सोने गया था। शुक्रवार सुबह परिजन मवेशियों की देखभाल के लिए वहां पहुंचे तो वह मृत अवस्था में मिला। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।

दो-तीन दिन पहले हुआ था विवाद

परिजनों ने परिवार के कुछ नजदीकी लोगों पर हत्या का संदेह जताया है। उनका कहना है कि संबंधित लोगों के साथ पुरानी बातों को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। दो-तीन दिन पहले भी दोनों पक्षों के बीच झगड़ा हुआ था। परिजनों को आशंका है कि इसी रंजिश के चलते युवक की हत्या की गई। हालांकि, हत्या के कारण और संदिग्धों की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

नामजद एफआईआर की मांग पर हाईवे पर जाम

शुक्रवार दाेपहर काे पोस्टमार्टम के बाद परिजन शव लेकर राष्ट्रीय राजमार्ग-552 पर पहुंचे और सड़क पर रखकर चक्काजाम कर दिया। वे हत्या के संदेहियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज करने की मांग कर रहे थे। परिजनों ने पुलिस की ओर से अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच किए जाने की बात पर आपत्ति जताई और संदिग्धों के नाम रिपोर्ट में शामिल करने की मांग की। इससे मौके पर हंगामे की स्थिति बन गई और हाईवे पर आवागमन प्रभावित हुआ।

पुलिस कर रही जांच

एसडीओपी प्रवीण त्रिपाठी ने बताया कि वीपी सिंह की हत्या के मामले में जांच की जा रही है। परिजनों की बात सुनी गई है और उनके द्वारा जताए गए संदेह सहित सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस की ओर से जांच का आश्वासन मिलने के बाद परिजनों ने प्रदर्शन समाप्त कर दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे