भिंड: मां के साथ दवा लेने आए 9 साल के बच्चे को ट्रैक्टर ने कुचला, हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भागा

 


भिंड, 06 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश के भिंड शहर के इंदिरा गांधी चौराहे पर सोमवार शाम सड़क पार करते समय ट्रैक्टर की चपेट में आने से एक नाै वर्षीय बालक की माैत हाे गई। मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव लेकर थाने पहुंचे और करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन किया। परिजनों ने आराेपित चालक पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस की अनुसार सरस्वती नगर निवासी चिराग यादव (9), पुत्र प्रमोद यादव, सोमवार शाम करीब 5:30 बजे अपनी मां सोनू यादव और ढाई साल के छोटे भाई बेटू के साथ दवा लेने बाजार आया था। काली माता मंदिर के पास उसकी मां छोटे बेटे का हाथ पकड़कर एनएच-719 पार कर आगे निकल गई। इसी दौरान चिराग पीछे रह गया। चिराग सड़क पार करने के लिए आगे बढ़ा, तभी सामने से आ रहे ट्रैक्टर की चपेट में आ गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजन उसे तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

हादसे का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इसमें चिराग सड़क पार करते समय ट्रैक्टर की चपेट में आता दिखाई दे रहा है। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य जानकारी के आधार पर ट्रैक्टर चालक की पहचान करने में जुटी है।

शव थाने के सामने रखकर प्रदर्शन

मंगलवार सुबह पोस्टमॉर्टम के बाद परिजन शव लेकर थाने पहुंचे और करीब डेढ़ घंटे तक प्रदर्शन किया। परिजनों की मांग थी कि एफआईआर में अज्ञात चालक के स्थान पर आरोपी ट्रैक्टर चालक का नाम दर्ज किया जाए और उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन की सूचना पर सीएसपी सहित पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने परिजनों को समझाया और भरोसा दिलाया कि चालक की पहचान होते ही उसे नामजद कर गिरफ्तार किया जाएगा। पुलिस के आश्वासन के बाद परिजन प्रदर्शन समाप्त कर शव को अंतिम संस्कार के लिए ले गए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे