मुरैना: चंबल नदी में बीच धार बंद हुआ स्टीमर, रेस्क्यू टीम ने सभी यात्रियों को बचाया

 


मुरैना, 16 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश में चंबल नदी में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब मुरैना जिले के पोरसा क्षेत्र के नगरा-साहसपुर घाट से उत्तर प्रदेश के बटेश्वरा महादेव मंदिर जा रहा यात्रियों से भरा स्टीमर बीच धार में अचानक बंद हो गया। स्टीमर में 100 से ज्यादा यात्री और 50 से अधिक मोटरसाइकिलें सवार थीं। इनमें बड़ी संख्या में कांवड़िए शामिल थे।

इंजन बंद होने के बाद तेज बहाव के चलते स्टीमर नदी की धार के साथ भिंड जिले की ओर बहने लगा। करीब ढाई घंटे तक स्टीमर के बहने से यात्रियों में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल रहा। हालांकि, राहत की बात यह रही कि स्टीमर अटेर क्षेत्र के कच्छपुरा घाट के पास सुरक्षित किनारे लग गया और सभी यात्रियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।

डीजल खत्म होने से बंद हुआ इंजन

यात्रियों के मुताबिक, स्टीमर का डीजल खत्म होने के कारण उसका इंजन बंद हो गया था। एक यात्री ने यह भी बताया कि स्टीमर के पंखे में कपड़ा फंस गया था और इसी दौरान डीजल खत्म होने से इंजन पूरी तरह बंद हो गया। इंजन बंद होते ही स्टीमर पर सवार यात्रियों में घबराहट फैल गई। स्टीमर स्टाफ ने बल्लियों और अन्य साधनों की मदद से उसे नियंत्रित कर किनारे लगाने की कोशिश की, लेकिन चंबल के तेज बहाव के कारण स्टीमर लगातार भिंड की ओर बहता चला गया।

कांवड़ लेकर बटेश्वरा मंदिर जा रहे थे यात्री

बताया गया है कि यात्री मुरैना के नगरा घाट से चंबल नदी पार कर उत्तर प्रदेश के बटेश्वरा महादेव मंदिर में गंगाजल चढ़ाने के लिए जा रहे थे। स्टीमर में बड़ी संख्या में कांवड़िए भी सवार थे। नदी के बीच धार में पहुंचते ही इंजन बंद हो गया। इसके बाद स्टीमर घाट से दूर होता चला गया। यात्रियों ने मदद के लिए आवाज लगाई, जबकि घाट पर मौजूद लोगों ने भी स्टीमर को तेज बहाव में बहते देखा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और आपदा प्रबंधन की टीमें सक्रिय हो गईं।

कच्छपुरा घाट पर सुरक्षित पहुंचा स्टीमर

करीब दो से ढाई घंटे तक बहने के बाद स्टीमर भिंड जिले के अटेर क्षेत्र के कच्छपुरा घाट के पास पहुंचकर सुरक्षित किनारे लग गया। रेस्क्यू टीम ने स्टीमर में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। प्रशासन के मुताबिक, हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। यात्रियों और उनके वाहनों को सुरक्षित निकालने के बाद उन्हें उनके घर और गंतव्य तक पहुंचाने की व्यवस्था की गई। घटना के बाद पुलिस प्रशासन ने स्टीमर को जब्त कर लिया है। प्रशासन अब यह जांच कर रहा है कि स्टीमर में पर्याप्त

--------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे