भीम आर्मी के पदाधिकारियों ने थामा कांग्रेस का हाथ, ‘घर वापसी’ के लिए 600 से अधिक आवेदन प्राप्त
- जीतू पटवारी और आरिफ मसूद की मौजूदगी में प्रदेश व जिला स्तर के कई पदाधिकारियों ने ली सदस्यता
भोपाल, 15 अक्टूबर (हि.स.)। मध्य प्रदेश में कांग्रेस संगठन को मजबूत करने और सामाजिक न्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाने के प्रयासों के बीच भीम आर्मी के कई प्रदेश और जिला स्तरीय पदाधिकारियों ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी और विधायक आरिफ मसूद के नेतृत्व में गुरुवार को हुए इस कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के मीडिया विभाग के अध्यक्ष मुकेश नायक भी मौजूद रहे।
कांग्रेस में शामिल होने वालों में भीम आर्मी के प्रदेश सचिव विलास पटेल, प्रदेश महासचिव सत्येंद्र विमल, विधि प्रभारी डकेश पाटिल, विधानसभा अध्यक्ष नागेश, जिला अध्यक्ष रंजीत दामले, जिला उपाध्यक्ष नीलेश हेरोडे और प्रकाश वानखेड़े सहित अन्य पदाधिकारी शामिल हैं। इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस संविधान, सामाजिक न्याय, समानता और लोकतांत्रिक मूल्यों में विश्वास रखने वाले सभी लोगों का स्वागत करती है। उन्होंने पार्टी की विचारधारा से जुड़कर संगठन को मजबूत करने वाले नए सदस्यों का स्वागत किया।
‘घर वापसी’ अभियान की तैयारी, 600 से अधिक आवेदन मिले
कांग्रेस अब पार्टी छोड़कर जा चुके नेताओं और कार्यकर्ताओं को दोबारा संगठन से जोड़ने के लिए ‘घर वापसी’ कार्यक्रम की तैयारी कर रही है। पार्टी के अनुसार, इस पहल के तहत अब तक 600 से अधिक आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। इनमें 200 से अधिक आवेदन वर्तमान और पूर्व जिला अध्यक्षों, विधायकों, पूर्व विधायकों तथा पूर्व मंत्रियों के बताए गए हैं।
पार्टी इस अभियान को जिला कांग्रेस कमेटियों के साथ समन्वय और विचार-विमर्श के आधार पर आगे बढ़ाने की योजना बना रही है। पुराने नेताओं और कार्यकर्ताओं की वापसी के संबंध में संबंधित जिला कांग्रेस कमेटियों की सहमति को भी महत्व दिया जाएगा। जीतू पटवारी ने कहा कि कांग्रेस छोड़कर गए नेताओं की वापसी पर उचित समय पर निर्णय लिया जाएगा। इसके लिए जिला कांग्रेस कमेटियों से चर्चा और उनकी सहमति के बाद प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी।
कांग्रेस का कहना है कि पुराने साथियों को फिर से संगठन से जोड़ने का उद्देश्य जमीनी स्तर पर पार्टी को मजबूत करना और जनहित के मुद्दों पर संघर्ष को प्रभावी बनाना है। पार्टी संविधान की रक्षा, सामाजिक न्याय और आम जनता के अधिकारों से जुड़े मुद्दों को लेकर अपनी गतिविधियां आगे बढ़ाने की तैयारी कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे