भारतवर्ष की विशाल तिरंगा यात्रा की तैयारियां तेज, विधायक रामेश्वर शर्मा ने कार्यकर्ताओं को दिए जिम्मेदारी निभाने के निर्देश

 


भोपाल, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश की राजधानी भाेपाल में अखंड भारत स्मृति दिवस और 'हर घर तिरंगा' अभियान के तहत 14 अगस्त को प्रस्तावित विराट तिरंगा यात्रा की तैयारियां तेज हो गई हैं। यात्रा के आयोजन को लेकर शनिवार को हुजूर विधायक रामेश्वर शर्मा ने संत हिरदाराम नगर मंडल और गांधीनगर मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर तैयारियों की समीक्षा की तथा जनसंपर्क और जनसहभागिता बढ़ाने के निर्देश दिए।

बैठक में यात्रा की रूपरेखा, संगठनात्मक तैयारियों, सामाजिक सहभागिता और व्यापक जनसंपर्क अभियान पर विस्तार से चर्चा हुई। विधायक शर्मा ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि तिरंगा यात्रा को अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी वाला राष्ट्रोत्सव बनाया जाए और समाज के हर वर्ग तक इसका संदेश पहुंचाया जाए। तिरंगा यात्रा के लिए ई-पंजीयन अभियान भी शुरू कर दिया गया है। विधायक रामेश्वर शर्मा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पंजीयन लिंक साझा किया है। पंजीयन करने वाले प्रतिभागियों को एक संकल्प पत्र मिलेगा, जिसे वे सोशल मीडिया पर साझा कर राष्ट्रभक्ति का संदेश प्रसारित कर सकेंगे।

14 अगस्त को निकलेगी यात्रा

आयोजकों के अनुसार, कर्मश्री संस्था की ओर से प्रतिवर्ष अखंड भारत स्मृति दिवस पर इस तिरंगा यात्रा का आयोजन किया जाता है। इस वर्ष यात्रा 14 अगस्त को मुखर्जी नगर, कोलार से प्रारंभ होकर संत हिरदाराम नगर तक पहुंचेगी। आयोजन को लेकर विभिन्न स्तरों पर तैयारियां जारी हैं और अधिक से अधिक नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जा रहा है।

बैठक को संबोधित करते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत आयोजित होने वाली तिरंगा यात्रा अब भोपाल की सांस्कृतिक परंपरा बन चुकी है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक यात्रा नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और अखंड भारत के संकल्प का प्रतीक है। उनका कहना था कि इस वर्ष यात्रा को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जाएगा, ताकि पूरे देश में राष्ट्रभक्ति का सशक्त संदेश पहुंचे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ तैयारियों में जुटने तथा अधिक से अधिक नागरिकों को इस अभियान से जोड़ने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे