राजगढ़ःभगवान परशुराम जन्मोत्सव पर निकला भव्य चल समारोह,जयकारों से गूंज उठा शहर

 


राजगढ़,19 अप्रैल(हि.स.)। जिले के ब्यावरा शहर में ब्राह्मण समाज द्वारा अपने आराध्य भगवान श्री परशुराम जी का जन्मोत्सव बड़े धूमधाम, श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। पूरे शहर में पर्व जैसा माहौल रहा और समाजजनों में विशेष जोश देखने को मिला। जन्मोत्सव पर निकाले गए विशाल चल समारोह ने शहर का वातावरण भक्तिमय बना दिया।

रविवार सुबह से ही नगर के वैष्णो देवी मंदिर में श्रद्धालुओं का आना शुरू हो गया था, जहां भगवान परशुराम की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की गई।चल समारोह में सुसज्जित रथ पर भगवान परशुरामजी की आकर्षक झांकी सजाई गई, जिसके साथ ढोल-नगाड़ों, बैंड-बाजों और भक्ति गीतों की मधुर धुनों ने सभी का मन मोह लिया। जैसे ही शोभायात्रा नगर के मुख्य मार्गों से निकली, भगवान परशुराम जी की जय के जयकारों से पूरा शहर गूंज उठा। बच्चे, युवा और बुजुर्ग अनुशासन के साथ यात्रा के साथ चलते रहे, वहीं मार्ग में श्रद्धालुओं ने कई स्थानों पर फूलों की वर्षा कर झांकी का स्वागत किया। यह चल समारोह वैष्णो देवी मंदिर से होते हुए एबी रोड, सिटी थाना, चिंताहरण हनुमान मंदिर, पीपल चैराहा, मुख्य बाजार, नगर पालिका परिसर, अहिंसा द्वार और इंदौर नाका से होता हुआ भगवान परशुराम धाम मंदिर पहुंचा। चलसमारोह का व्यापारिक, राजनीतिक और सामाजिक संगठनों के द्वारा जगह-जगह स्वागत मंच लगाकर स्वागत किया गया।

समापन अवसर पर भगवान परशुराम धाम मंदिर में भव्य महाआरती का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में भक्तों ने सहभागिता की। इसके बाद आयोजित मंचीय कार्यक्रम में वक्ताओं ने बच्चों को संस्कार, शिक्षा और संस्कृति से जोड़ने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि ब्राह्मण समाज सदैव सामाजिक समरसता और ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाता आया है, और यही जिम्मेदारी नई पीढ़ी को भी निभानी चाहिए।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक