राजगढ़ः ब्यावरा में 17 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, महाआरती होगी आकर्षण

 


राजगढ़, 15 जुलाई (हि.स.)। मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के ब्यावरा शहर में पहली बार भगवान जगन्नाथ, भगवान बलदेव और माता सुभद्रा की भव्य रथयात्रा का आयोजन 17 जुलाई को किया जाएगा। इस्कॉन ब्यावरा के तत्वावधान में होने वाले इस ऐतिहासिक धार्मिक आयोजन की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। रथयात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल है और पूरे शहर को भक्तिमय वातावरण में रंगने की तैयारियां चल रही हैं।

मध्यप्रदेश इस्कॉन नामहट्ट विभाग के प्रमुख श्रीपाद केशव प्रभु ने बताया कि भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा केवल एक धार्मिक परंपरा नहीं, बल्कि भगवान की कृपा प्राप्त करने का दुर्लभ अवसर है। शास्त्रों के अनुसार रथ पर विराजमान भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने से मनुष्य जन्म-मृत्यु के बंधन से मुक्ति की ओर अग्रसर होता है।

जिला प्रमुख नितिन पिपलोटिया ने बुधवार को बताया कि रथयात्रा शुक्रवार दोपहर 12 बजे गुना बाइपास स्थित श्री खाटूश्याम मंदिर से शुरू होगी। यहां भगवान जगन्नाथ, बलदेव और माता सुभद्रा को 56 भोग अर्पित किए जाएंगे। इसके बाद रथ एबी रोड, मुख्य बाजार, पीपल चैराहा, सुभाष चैक, जगात चैक और इंदौर नाका होते हुए श्री अंजनीलाल धाम मंदिर पहुंचेगा। यात्रा के दौरान बाहर से आई भजन एवं संकीर्तन मंडलियां हरीनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन और जयघोष के साथ पूरे मार्ग को भक्तिमय बनाएंगी। विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालु रथ का स्वागत करेंगे, जबकि सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं। समापन स्थल श्री अंजनीलाल धाम मंदिर में भगवान की महाआरती के बाद महाप्रसादी का वितरण किया जाएगा।

आयोजन समिति ने शहरवासियों से परिवार सहित रथयात्रा में शामिल होकर भगवान जगन्नाथ के दर्शन करने तथा इस ऐतिहासिक आयोजन को भव्य और सफल बनाने में सहयोग करने की अपील की है। पहली बार निकल रही इस रथयात्रा को लेकर पूरे ब्यावरा में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिल रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मनोज पाठक