अनूपपुर: जल, जंगल, जमीन और जनजातीय समाज के उत्थान के लिए भगवान बिरसा मुंडा ने किया जीवन समर्पित - अध्यक्ष जिला पंचायत
अनूपपुर, 15 नवम्बर (हि.स.) । जल, जंगल और जमीन का अधिकार जनजातीय समाज का मूल अधिकार है। इसे अंग्रेज उनसे छीनना चाहते थे। भगवान बिरसा मुंडा ने अंग्रेजों के अत्याचार, अनाचार के खिलाफ जनजातीय समाज को खड़ा किया और अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। उन्होंने जनजातीय समाज के मूल अधिकार की रक्षा के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया।
यह बात रविवार को भगवान बिरसा मुंडा की 151वी जयंती पर आयोजित जिला स्तरीय जनजातीय गौरव दिवस समारोह को जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह ने संबोधित करते हुए कहीं। इसके पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष प्रीति रमेश सिंह, जिला पंचायत उपाध्यक्ष पार्वती वाल्मिकी राठौर तथा मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत अर्चना कुमारी, हीरा सिंह श्याम सहित अन्य अतिथि गणों ने भगवान बिरसा मुंडा के छायाचित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर समारोह का शुभारंभ किया।
धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा की जीवनी से युवा ले प्रेरणा - सीईओ जिला पंचायत
जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी अर्चना कुमारी ने कहा कि भारत सरकार और मध्यप्रदेश शासन द्वारा जनजातीय समुदाय को मुख्यधारा से जोड़ने के लिए निरंतर प्रयासरत है। दाजगुआ, पीएम जनमन योजना, आदि कर्मयोगी मिशन आदि के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, बिजली और मोबाइल नेटवर्क जैसी मूलभूत सुविधाएँ विकसित की जा रही हैं, उन्होंने कहा कि जनजातीय समाज के जीवन में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन लाने के प्रयास तेजी से किए जा रहे हैं।
भगवान बिरसा मुंडा जनजाति समुदाय के महानायक - हीरा सिंह श्याम
भाजपा अध्यक्ष हीरा सिंह श्याम ने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा जनजाति समुदाय के महानायक थे, जिन्होंने समाज के उत्थान हेतु अविस्मरणीय कार्य किए। उन्होंने बताया कि केंद्र और राज्य सरकार जनजातीय क्षेत्रों में संकल्प लेकर समग्र विकास के कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि भगवान बिरसा मुंडा ने अपने योगदानों से देश की जनजातीय एकता और अखंडता को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
लघु फिल्म एवं सीधा प्रसारण
भगवान बिरसा मुंडा के जीवन, संघर्ष, त्याग और बलिदान पर आधारित लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया, जिसमें उनके साहसिक योगदान और जनजातीय समाज के उत्थान हेतु किए गए प्रयासों को प्रभावी रूप से प्रस्तुत किया गया। भगवान बिरसा मुंडा की 151वीं जयंती पर आयोजित ‘जनजातीय गौरव दिवस’ समारोह मे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संबोधन का सीधा प्रसारण हुआ, जिसे कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने देखा और सुना।
लोक कला और संस्कृति से सजी मनमोहक प्रस्तुतियाँ
समारोह में लोक कला की जीवंत छटा उस समय बिखर गई जब लोक कला पथक दल ने पारंपरिक शैला एवं गुदुम नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति दी। साथ ही एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय अनूपपुर, शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय तथा माता शबरी शासकीय कन्या शिक्षा परिसर व मॉडल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अनूपपुर के विद्यार्थियों ने विविध रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इन प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया और जनजातीय कला-संस्कृति की समृद्ध धरोहर को प्रभावी रूप से प्रदर्शित किया।
इस अवसर पर रामदास पुरी, जिला पंचायत सदस्य रंजीत सर्राटी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रूपमती सिंह, अमोल सिंह, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व अनूपपुर प्राशी अग्रवाल, जनजातीय कार्य विभाग के क्षेत्र संयोजक एस के बाजपेई सहित विभिन्न विभागों के विभागीय अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधिगण, विद्यार्थी एवं आमजन उपस्थित रहें।
हितलाभ का वितरण
जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर विभिन्न योजनाओं के तहत अनेक हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए। लाड़ली लक्ष्मी योजना के तहत निहारिका रौतेल को लाभ प्रदान किया गया। जनजाति कार्य विभाग की भगवान बिरसा मुंडा रोजगार योजना के तहत ग्राम किरगी निवासी हरेंद्र प्रताप सिंह को सुपर मार्केट इकाई के लिए, ग्राम किरगी के अभिजीत सिंह मरावी को जिम सेंटर के लिए, ग्राम रौसरखार के प्रीतम सिंह को टैक्सी के लिए, बाराती अमरकंटक निवासी कुणाल पनारिया को प्रिंटिंग प्रेस के लिए, चक्की टोला दमेहड़ी के लवकुश सिंह को किराना व्यवसाय के लिए, ग्राम लालपुर के इंद्रपाल सिंह को हार्डवेयर व्यवसाय के लिए, ग्राम देवरा के अशोक सिंह को पोल्ट्री फार्म के लिए तथा प्रेमवती पनिका को ऑटो रिक्शा के लिए बैंक ऋण राशि का प्रतीकात्मक चेक जिला पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य अतिथि गणों द्वारा प्रदान किया गया प्रदान किया गया।
जनजाति गौरव दिवस पर रैली
भगवान बिरसा मुंडा जनजाति गौरव दिवस के अवसर पर जिला मुख्यालय के एकलव्य आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मे आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम के पश्चात जनजाति कार्य विभाग द्वारा रैली आयोजित की गई जिसमंय जनप्रतिनिधियों, अधिकारी- कर्मचारियों तथा छात्र-छात्राओं व स्थानीय नागरिकों ने बड़ी संख्या में सहभागिता की।
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश शुक्ला