प्रेम प्रसंग में युवक ने युवती के घर खुद को मारी गोली, मौके पर मौत : पुलिस जांच में जुटी

 

उज्जैन , 28 फ़रवरी (हि.स.)। प्रेम प्रसंग के चलते शनिवार शाम एक युवक द्वारा खुद को गोली मार लेने की घटना सामने आई है। गोली चलने की आवाज से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। फिलहाल पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है।

उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र अंतर्गत बंगाली कॉलोनी में यह घटना घटी। थाना पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान निखिल के रूप में हुई है, जो मूल रूप से सारणी (जिला बैतूल) का निवासी था और वर्तमान में उज्जैन में रह रहा था।

महिला मित्र के घर पहुंचा, फिर उठाया खौफनाक कदम

पुलिस के मुताबिक शनिवार शाम लगभग 6 बजे निखिल एक्टिवा से अपनी महिला मित्र से मिलने उसके घर पहुंचा था। उस समय घर में विनय गायनी की पत्नी, उनकी साली और एक बच्चा मौजूद थे। बताया जा रहा है कि निखिल घर के भीतर आया और विनय की पत्नी तथा बच्चे को एक कमरे में बंद कर दिया। इसके बाद वह घर के अहाते (आंगन) में गया और वहीं खुद को गोली मार ली। गोली चलने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग घबरा गए और तुरंत घर के बाहर जमा हो गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

अस्पताल पहुंचने से पहले तोड़ा दम

सूचना मिलते ही नीलगंगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को गंभीर हालत में अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने घटनास्थल से हथियार जब्त कर लिया है। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

जांच के घेरे में हथियार और प्रेम प्रसंग

थाना पुलिस के अनुसार यह भी जांच की जा रही है कि युवक के पास हथियार कहां से आया और किसने उपलब्ध कराया। अवैध हथियार की संभावना को देखते हुए इस एंगल से भी पड़ताल की जा रही है। साथ ही युवक और महिला मित्र के बीच संबंधों की प्रकृति, हाल के घटनाक्रम और किसी संभावित विवाद की भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस संबंधित व्यक्तियों के बयान दर्ज कर रही है और मोबाइल कॉल डिटेल्स की भी जांच की जा सकती है।

फिलहाल शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सटीक कारणों की आधिकारिक पुष्टि हो सकेगी। पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / ललित ज्‍वेल