बैतूल में उफनती चंपा नदी पार करते समय बाइक समेत बहे दो ग्रामीण, एक किमी दूर मिले शव
रपटा डूबा होने के बावजूद किया पार करने का प्रयास, ग्रामीणों ने रोका था, भारी बारिश से नदी में था तेज बहाव
बैतूल, 30 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले के चिचोली थाना क्षेत्र में उफनती चंपा नदी पार करने की कोशिश दो ग्रामीणों के लिए जानलेवा साबित हुई। सोमवार रात तेज बहाव में बाइक समेत बह गए, दोनों ग्रामीणों के शव मंगलवार सुबह घटनास्थल से करीब एक किलोमीटर दूर नदी किनारे झाड़ियों में फंसे मिले। पुलिस ने शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, सिप्लाई निवासी 42 वर्षीय राजेश बिहारे और 40 वर्षीय दद्दू धुर्वे सोमवार शाम देवपुर से अपने गांव लौट रहे थे। लगातार हो रही बारिश के कारण चंपा नदी उफान पर थी और रपटा पूरी तरह पानी में डूब चुका था। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने दोनों को पानी कम होने तक रुकने की सलाह दी, लेकिन उन्होंने बहते पानी के बीच ही बाइक लेकर रपटा पार करने का प्रयास किया। तेज बहाव के कारण दोनों संतुलन खो बैठे और बाइक सहित नदी में बह गए।
रातभर चला तलाशी अभियान, सुबह मिले शव
हादसे के बाद ग्रामीणों ने रातभर दोनों की तलाश की, लेकिन अंधेरा और तेज बहाव के कारण सफलता नहीं मिली। मंगलवार सुबह रपटे से करीब एक किलोमीटर दूर कुंवर देव टेकड़ा के पास नदी किनारे झाड़ियों में दोनों के शव फंसे मिले। सूचना मिलते ही चिचोली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र चिचोली भेजा।
एक पंचर दुकान चलाता था, दूसरा किसान
पुलिस के अनुसार, मृतक राजेश बिहारे देवपुर मार्ग पर पंचर बनाने की दुकान संचालित करते थे, जबकि दद्दू धुर्वे खेती-किसानी से जुड़े थे। दोनों की मौत से गांव में शोक का माहौल है।
चिचोली में सबसे अधिक बारिश
इस मानसून में चिचोली क्षेत्र में जिले की सबसे अधिक 274.3 मिमी बारिश दर्ज की गई है। लगातार बारिश के कारण चंपा नदी समेत क्षेत्र के अधिकांश नदी-नाले उफान पर हैं और कई रपटे पानी में डूबे हुए हैं। प्रशासन ने लोगों से जलभराव वाले रपटों और पुलों को पार न करने तथा सतर्कता बरतने की अपील की है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे