बैतूल-इंदौर मार्ग पर ट्रक ने कार को पीछे से मारी टक्कर, किसान की मौत, बेटी और नवजात से मिलकर लौट रहे थे

 


बैतूल, 01 अगस्त (हि.स.)। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में बेटी और नवजात से मुलाकात कर घर लौट रहे एक किसान की शनिवार को सड़क हादसे में मौत हो गई। बैतूल-इंदौर हाईवे पर खेड़ी के पास अज्ञात ट्रक ने उनकी कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका इलाज आईसीयू में चल रहा है।

मृतक की पहचान शंकर लोखंडे (48) के रूप में हुई है। वहीं, उनके साथी मनोज कनाठे (45) की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, शंकर लोखंडे अपनी बेटी से मिलने बैतूल आए थे। उनकी बेटी नोबल अस्पताल में भर्ती थी, जहां हाल ही में उसने एक बच्चे को जन्म दिया था। बेटी और नवजात से मुलाकात के बाद शंकर अपने साथी मनोज कनाठे के साथ आल्टो कार से अपने गांव गोगामा लौट रहे थे। इसी दौरान बैतूल-इंदौर हाईवे पर खेड़ी के पास पीछे से तेज रफ्तार में आए एक अज्ञात ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे में शंकर लोखंडे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, मनोज कनाठे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज आईसीयू में जारी है। चिकित्सकों के अनुसार, उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। बताया जा रहा है कि हादसे के बाद उनके एक पैर ने काम करना बंद कर दिया है, कमर में भी कोई मूवमेंट नहीं है और फिलहाल वे बोल भी नहीं पा रहे हैं। अस्पताल पुलिस चौकी ने शव का पंचनामा तैयार कर पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है। खेड़ी पुलिस चौकी ने मामला दर्ज कर अज्ञात ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे