बैतूल: मुख्यमंत्री को ज्ञापन देने जा रहे कांग्रेस नेताओं को पुलिस ने हिरासत में लिया

 


प्रदर्शन के बाद करीब दो दर्जन कार्यकर्ता सांवलमेंढ़ा रेस्ट हाउस भेजे गए, पूर्णा उद्गम को पवित्र नगरी घोषित करने सहित कई मांगें उठाईं

बैतूल, 27 जून (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के कुकरु दौरे से पहले शनिवार को भैंसदेही में राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गईं। मुख्यमंत्री को विभिन्न स्थानीय मांगों से संबंधित ज्ञापन सौंपने जा रहे आदिवासी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम सहित करीब दो दर्जन कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को पुलिस ने भैंसदेही बस स्टैंड के पास हिरासत में ले लिया।

हिरासत में लिए जाने के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। इसके बाद पुलिस सभी को भैंसदेही से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित सांवलमेंढ़ा रेस्ट हाउस ले गई, जहां उन्हें पुलिस निगरानी में रखा गया।

ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंकज (रानू) ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री से मुलाकात के लिए प्रशासन को पूर्व में आवेदन देकर समय मांगा गया था। उनके अनुसार, प्रशासन ने उन्हें जनपद पंचायत परिसर में बुलाया, लेकिन वहां मुलाकात को लेकर कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी गई। इसके बाद कार्यकर्ता हेलीपैड की ओर ज्ञापन देने के लिए रवाना हुए, जहां पुलिस ने उन्हें रोककर हिरासत में ले लिया।

पुलिस की कार्रवाई में हिरासत में लिए गए नेताओं में आदिवासी कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रामू टेकाम, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष पंकज (रानू) ठाकुर, नरेश मोहरे, राहुल छत्रपाल, महेश थोटेकर, पंजाब आहके, मयूर बारस्कर, मंगेश सरयाम, निलेश बर्डे, आरिफ खान, शोएब विधयानी सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

ज्ञापन में रखी गईं ये प्रमुख मांगें

कांग्रेस नेताओं के अनुसार मुख्यमंत्री को सौंपे जाने वाले ज्ञापन में भैंसदेही स्थित पूर्णा नदी के उद्गम स्थल को पवित्र नगरी घोषित करने, नगर सीमा से शराब दुकानों को 500 मीटर बाहर स्थानांतरित करने तथा वर्ष 2023 में स्वीकृत 95 हितग्राहियों को लंबित आवासीय पट्टे प्रदान करने की मांग शामिल थी। इसके अलावा किसानों को पर्याप्त मात्रा में यूरिया और डीएपी उपलब्ध कराने, आगजनी की घटनाओं से प्रभावित क्षेत्रों के लिए प्रत्येक जनपद में दो-दो फायर ब्रिगेड उपलब्ध कराने तथा पीड़ित परिवारों को मुख्यमंत्री राहत कोष से आर्थिक सहायता देने की मांग भी ज्ञापन में शामिल थी।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शनिवार शाम कुकरु में आयोजित रात्रि चौपाल, ग्रामीण संवाद और अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने वाले हैं। वहीं कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने उन्हें मुख्यमंत्री तक जनता की समस्याएं पहुंचाने का अवसर नहीं दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / नेहा पांडे